चाकू से 20 वार कर महिला की निर्मम हत्या, दुराचार की आशंका

चाकू से 20 वार कर महिला की निर्मम हत्या, दुराचार की आशंका

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-30 14:31 GMT
चाकू से 20 वार कर महिला की निर्मम हत्या, दुराचार की आशंका

डिजिटल डेस्क, अनूपपुर। चचाई थाना के ग्राम पाटन कला में एक 25 वर्षीय महिला की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महिला की हत्या बेहद नृशंस तरीके से चाकू से 20 बार वार कर की गई है। पुलिस रेप की भी आशंका जाहिर कर रही है। फिलहाल, पुष्टि के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

पति से अलग रहती थी
मृतक महिला सपना मिश्रा की शादी यूपी के मोहम्मदपुर में हुई थी। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति से अनबन के बाद वह बीते चार वर्षों से मायके में ही रह रही थी। बताते हैं कि शुक्रवार शाम महिला मार्केट के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। सुबह ग्राम पटना कला के नाले के पास महिला की लाश मिली, जिस पर चाकू से 20 वार किए गए थे। मौके पर चाकू भी बरामद हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त करायी तो पता चला कि महिला का नाम  सपना मिश्रा है और धनपुरी 3 नम्बर कॉलोनी  की रहने वाली है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को वारदात की जानकारी दी।

पुलिस का कहना है कि मौका ए वारदात से मिले साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के बाद वह केस का खुलासा करने की ओर है। आरोपी की तलाश है। पकड़ में आते ही सच सामने आ जाएगा। बताते हैं कि महिला सब्जी की दुकान लगाती थी। शाम को दुकान के बाद कई बार घर नहीं पहुंचती थी लिहाजा, परिजन भी उसे नहीं ढूंढते थे।

सीमा विवाद में उलझी पुलिस
जिस स्थल पर महिला का शव मिला है, उससे चंद कदमों की दूरी पर ही शहडोल जिले की सीमा प्रारंभ हो जाती है। लिहाजा, ग्रामीणों ने सूचना धनपुरी पुलिस को दे दी, जिसके बाद मसला सीमा विवाद में उलझ गया कि आखिर थाना कौन सा है। माथापच्ची के बाद  चचाई थाना प्रभारी अरविंद साहू द्वारा मौके पर ही पटवारी को बुलवाकर ग्रामीणों की आशंका को दूर कराते हुए शव को पीएम के लिए अनूपपुर भेजा। वहीं धनपुरी पुलिस भी सीमा विवाद को लेकर माथापच्ची करती रही।

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
वारदात स्थल पर मिले साक्ष्यों से प्रथमदृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या की बात प्रतीत हो रही है। लिहाजा, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साक्ष्यों को इकट्ठा कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जिस तरह से हत्या की गई है, पुलिस को शक है हत्यारों की संख्या एक से अधिक हो सकती है।

इनका कहना है
धनपुरी की रहने वाली परित्यक्ता महिला की हत्या हुई है। दुष्कर्म के बाद जान ली गई। फिलहाल, आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
अरविंद साहू, थाना प्रभारी चचाई

 

Similar News