नागपुर से वाशिम तक समृद्धि महामार्ग 1 मई को खुल जाएगा

एकनाथ शिंदे का दावा नागपुर से वाशिम तक समृद्धि महामार्ग 1 मई को खुल जाएगा

Tejinder Singh
Update: 2022-04-05 16:02 GMT
नागपुर से वाशिम तक समृद्धि महामार्ग 1 मई को खुल जाएगा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग का पहला चरण नागपुर से वाशिम के सेलू बाजार के मार्ग को 1 मई से शुरू कर दिया जाएगा। मंगलवार को प्रदेश के एमएसआरडीसी मंत्री एकनाथ शिंदे ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हाथों पहले चरण के मार्ग का शुभारंभ होगा। शिंदे ने कहा कि समृद्धि महामार्ग के पहले चरण के 210 किमी लंबा नागपुर से सेलू बाजार तक के मार्ग का काम पूरा हो चुका है। इसलिए नागपुर से सेलू बाजार तक के मार्ग को परिचालन के लिए खोल दिया जाएगा। ठाणे में शिंदे ने कहा कि नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग को शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहब ठाकरे का नाम दिया गया है। इससे इस परियोजना की ऊंचाई बढ़ी है। इस परियोजना को लेकर श्रेयवाद की कोई लड़ाई नहीं है। शिवसेना श्रेयवाद के चक्कर में कभी नहीं पड़ती है। शिंदे ने कहा कि नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग की लंबाई 710 किमी है। जिसमें से नागपुर से सेलू बाजार तक का काम शत प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसलिए 210 किमी मार्ग को खोलने का फैसला किया गया है। 

समृद्धि महामार्ग से कोई मेरा नाम मिटा नहीं सकता- फडणवीस

दूसरी ओर विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रयास कर ले। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग से कोई भी मेरा नाम नहीं मिटा सकता। मेरे दिमाग में 20 सालों से इस महामार्ग की परिकल्पना थी। राज्य की जनता के आशीर्वाद से जब मैं मुख्यमंत्री बना तो इस परियोजना को शुरू करने का फैसला किया। फडणवीस ने कहा कि परियोजना का काम पूरा होने के बाद ही उद्धाटन होना चाहिए।

 

Tags:    

Similar News