महाराष्ट्र की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी 'शिवसेना'!

महाराष्ट्र की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी 'शिवसेना'!

Anita Peddulwar
Update: 2018-01-08 10:26 GMT
महाराष्ट्र की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी 'शिवसेना'!

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शिवसेना राज्य में लोकसभा की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।इसके स्पष्ट संकेत दे दिए गए हैं।शिवसेना की शहर कार्यकारिणी के विस्तार का वादा एक बार और दोहराया गया है। राज्य के परिवहन मंत्री व शिवसेना के विदर्भ संपर्क प्रमुख दिवाकर रावते ने रविवार को रविभवन में कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद कहा है कि शहर में संगठन की नई कार्यकारिणी जल्द घोषित की जाएगी। राज्य में शिवसेना सत्ता में सहभागी है, लेकिन राजनीतिक स्थितियों को देखते हुए शिवसेना को अपने बल पर चुनाव लड़ने की तैयारी करनी पड़ रही है। विदर्भ में लोकसभा की सभी 10 सीटों के लिए शिवसेना चुनाव की तैयारी कर रही है। 
350 सीटें जीतने का है लक्ष्य
शिवसेना कार्यकारिणी विस्तार का मामला लंबे समय से लंबित है। पदाधिकारी नियुक्त नहीं होने के कारण संगठन कार्य को गति नहीं मिल पा रही है। रावते ने कहा कि विदर्भ में सभी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का जायजा लिया जा रहा है। भाजपा ने अगले लोकसभा चुनाव में 350 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। लक्ष्य पूरा करने के लिए उसे महाराष्ट्र के बाहर अधिक सीट जीतनी होगी। एक प्रश्न पर रावते ने कहा कि कई बार मतदाता प्रलोभन व प्रचार के कारण प्रभावित होते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा को मिल रही सफलता में भी 40 प्रतिशत भागीदारी प्रचार की हो सकती है। शिवसैनिकों से चर्चा में रामटेक के सांसद कृपाल तुमाने, शिवसेना के जिला प्रमुख सतीश हरडे, ग्रामीण विभाग के अध्यक्ष राजू हरणे, संदीप इटकेलवार, पूर्व सांसद प्रकाश जाधव, पूर्व विधायक आशीष देशमुख, रमेश बक्षी, चंद्रहास राऊत, अलका दलाल शामिल थे। 
बस स्थानकों पर सुरक्षा दीवार
परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य परिवहन महामंडल की 1200 नई शिवशाही बसें जल्द ही सड़कों पर दौड़ेंगी। विदर्भ व मराठवाड़ा को अधिक बसें मिलेंगी। बस स्थानकों की सुरक्षा के लिए राज्य में लगभग 200 बस स्थानकों पर सुरक्षा दीवार खड़ी की जाएगी। 
 

Similar News