10 मिनट में बिना किसी चर्चा के निपटी मनपा की विशेष सर्वसाधारण सभा

10 मिनट में बिना किसी चर्चा के निपटी मनपा की विशेष सर्वसाधारण सभा

Anita Peddulwar
Update: 2019-09-21 07:26 GMT
10 मिनट में बिना किसी चर्चा के निपटी मनपा की विशेष सर्वसाधारण सभा

डिजिटल डेस्क,नागपुर। हाईकोर्ट के निर्देशों पर शहर में पार्किंग की सुविधा पर चर्चा के लिए  बुलाई गई मनपा की विशेष सर्वसाधारण सभा बिना चर्चा के स्थगित कर दी गई। सभा में 70 सदस्य उपस्थित थे। सभी सदस्यों के क्षेत्र में पार्किंग की समस्या रहने से सदस्यों की कम उपस्थिति के चलते सर्वसाधारण सभा में इस विषय पर चर्चा करने का सत्तापक्ष नेता संदीप जोशी ने सुझाव दिया। इस सुझाव को महापौर नंदा जिचकार ने स्वीकृत कर 10 मिनट में अनिश्चितकाल के लिए सभा स्थगित कर दी।

कार्यवाही लगातार स्थगित

मनपा के टाउन हॉल में सुबह 11 बजे विशेष सर्वसाधारण सभा बुलाई गई थी। आधे घंटे देरी से 11.30 बजे सभा शुरू हुई। सदन में 37 सदस्य उपस्थित थे। काेरम पूरा नहीं होने से सभा 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। दूसरी बार 42 सदस्य उपस्थित रहने से पुन: 5 मिनट के लिए सभा स्थगित की गई।  दो बार 5-5 मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित कर तीसरी बार 11.40 बजे सदन की कार्यवाही शुरू की गई। 

भांडेवाड़ी का कचरा जबलपुर

भांडेवाड़ी में 10 एकड़ जमीन पर कचरे से बिजली उत्पादन प्रकल्प के लिए मे. एस्सेल इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. व मे. हिताची झोनस इंडिया प्रा. लि. मुंबई को जमीन देने का अनुबंध हुआ है। प्रकल्प के लिए जमीन का हस्तांतरण किया गया है। इस जमीन पर पुराना कचरा पड़ा है। इसे हटाकर उपरोक्त कंपनी नेे जबलपुर प्रकल्प में इस्तेमाल के  लिए ले जाने की अनुमति मांगी है। इस विषय पर कचरा जबलपुर ले जाने के कार्येत्तर प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

दुर्बल घटक समिति पर 3 सदस्य मनोनीत

विशेष सर्वसाधारण सभा में दुर्बल घटक समिति पर कांग्रेस के दो सदस्य आयशा उईके और नेहा निकोसे तथा बहुजन समाज पार्टी के नरेंद्र वांदे को मनोनीत करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।

ढूंढ़ते रहे जवाब

नेता प्रतिपक्ष तानाजी वनवे ने शहर में गड्ढों की समस्या पर सदन का ध्यान आकर्षित किया। महापौर ने प्रशासन को तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए। महापौर के कार्यवाही आगे बढ़ाने पर बीच में ही कांग्रेस के सदस्य प्रफुल्ल गुड़धे ने हर महीने सर्वसाधारण सभा नहीं लिए जाने पर आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा िक चालू वर्ष में केवल 1 सर्वसाधारण सभा ली गई है। विशेष सभा में गंभीर विषयों पर चर्चा नहीं होने से सदस्यों को अपने क्षेत्र की समस्या रखने का अवसर नहीं मिलता। महापौर ने निगम सचिव से चालू वर्ष में हुई सर्वसाधारण सभा की जानकारी देने के निर्देश दिए। निगम सचिव भी एकदम से जवाब नहीं दे पाए। इस पर सत्तापक्ष नेता संदीप जोशी ने सदस्य के सवाल का लिखित जवाब देने का सुझाव दिया। इसी के साथ पार्किंग की समस्या पर सर्वसाधारण सभा में चर्चा करने का प्रस्ताव रखा। महापौर ने इसे सहमति जताते हुए 10 मिनट में 11.50 बजे अनिश्चितकाल के िलए सभा स्थगित किए जाने का एलान किया। विशेष सर्वसाधारण सभा में सदस्यों की अनुपस्थिति से िवकास के प्रति जनप्रतिनिधियों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
 

Tags:    

Similar News