सुकतरा में तेज रफ्तार बस पलटकर घर में घुसी, 17  घायल, 2 गंभीर

सुकतरा में तेज रफ्तार बस पलटकर घर में घुसी, 17  घायल, 2 गंभीर

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-01 11:21 GMT
सुकतरा में तेज रफ्तार बस पलटकर घर में घुसी, 17  घायल, 2 गंभीर

डिजिटल डेस्क, मंडला। रायपुर से जबलपुर जा रही बस नेशलन हाइवे 30 में सुकतरा के पास अनियंत्रित हो गई। बस सड़क से उतर घर में घुस गई। इस हादसे में दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं। उपचार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 यात्रियों को गंभीर चोटे हैं। जिन्हें जबलपुर रैफर कर दिया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हिरदेनगर पुलिस ने लापरवाह बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

रोहाणी ट्रेवल्स की है बस
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 3 बजे रायपुर से जबलपुर जा रही रोहाणी ट्रेवल्स क्रमांक एमपी 18 पी 0991 तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण सुकतरा में अनियंत्रित हो गई। बस सड़क से 10 फिट नीचे रोड किनारे बने शिक्षक हीरा कुसमरिया के घर में घुस गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस में यात्री फंस गए। 17 यात्रियों को चोट आई। सूचना डायल 100 और 108 एम्बुलेंस को दी गई।

मौके पर पुलिस और 108 कर्मियों ने घायलों हो स्थानीय लोगों की मदद से निकाला है। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां से 2 को गंभीर हालात के चलते जबलपुर रेफर किया गया है।हादसे के बाद चालक फरार है। पुलिस ने आरोपी चालक पर धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

दो घंटे में पहुंचें अस्पताल
बताया गया है कि हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ है। सूचना के बाद पुलिस और एम्बूलेंस पहुंच गई, लेकिन सुबह हादसा होने के कारण बस में फंसे यात्रियों का निकालने में काफी समय गया। मोतीनाला, बिछिया, मंडला और महाराजपुर की 108 से यात्रियों को जिला अस्पताल लाया गया है। जिसमें मंडला और महाराजपुर की एम्बूलेंस दो बार यात्रियों के लेने के लिए गई। जिसके चलते सभी यात्रियों को अस्पताल में शिफ्ट करने में दो घंटे लग गए। 

घायल
घायलों में महेन्द्र पवार निवासी रायपुर, शिवकुमार पवार निवासी रायपुर, कैलाशदास सोनवानी, मीना रतनेरा रायपुर, शुकदेव पन्नामी निवासी धूमा, साहिब सिंह निवासी मैनपुरी, विपिन सिंह निवासी कन्नोज, डुमारीलाला निवासी मनेरी, बलवीर पिता देवलाल निवासी खापा, गीता बागपत निवासी रांझी, शिवकुमार बागपत, बीएस मरावी, मदन बलवानी रायपुर, साकेत, रविशंकर निवासी जबलपुर, हेमलता निवासी कवर्धा, अभिषेक श्रीवास्तव, कमलेश गोस्वामी, आशीष दुबे, राजकुमार पटेल, शैलेंद्र कुमार शामिल हैं।

कार पलटी चार घायल 
सिवनी जिले के ग्राम उगली में शादी समारोह में शामिल होने के बाद महाराजपुर मंडला लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया है। कार पलटने से चार लोग घायल हुए है। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि जयवती उइके, किरण मर्सकोले, कमलेश मर्सकोले, मंगलसिह कार में सवार होकर उगली शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। यहां से वापस मंडला आ रहे थे। पेठेगांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चारों को चोट आई है।

हादसे की सूचना के बाद मौके पर जननी सुरक्षा योजना का वाहन पहुंचा। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए है। जांच चल रही है।
 

Tags:    

Similar News