दिन में गर्म और रात में मौसम हुआ सर्द, सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल

दिन में गर्म और रात में मौसम हुआ सर्द, सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल

Anita Peddulwar
Update: 2019-11-11 05:40 GMT
दिन में गर्म और रात में मौसम हुआ सर्द, सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा मौसम का हाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर का मौसम इन दिनों गर्मी और ठंड दोनों का अहसास करवा रहा है। दिन में पसीना निकल रहा है, तो आधी रात के बाद ठंड असर दिखा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा व और न्यूनतम तापमान थोड़ा नीचे आने से गर्मी-सर्दी का आनंद मिल रहा है। उत्तरी हवा आने से कुछ दिनों तक यानी सप्ताह भर दिन सर्द-गर्म का मौसम बना रहेगा। 

रविवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को इसके आसपास ही तापमान रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम जैसे-जैसे साफ होगा, ठंड का असर बढ़ेगा। उत्तरी हवा से मौसम में बदलाव हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विच्छोभ आ रहा है। इन सबका असर ठंड बढ़ाने में सहायक हो रहा है।  फिलहाल आंशिक रूपसे आसमान में बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में धूप खिलती रहेगी। बादल छाए रहने से दिन में हल्का गर्म महूसस होगा। वैसे भी अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। न्यूनतम तापमान बहुत धीरे-धीरे नीचे आ रहा है। तापमान जितनी तेजी से गिरेगा, ठंड उतनी ही तेजी पकड़ेगी। फिलहाल ऐसी संभावना नहीं है। सुबह 7 बजे के पहले धुंध जैसी स्थिति रह सकती है। हालांकि शहरवासियों को इसकी अनुभूति कम होगी। हिमालय में बर्फ पिघलने में अभी समय है।

मौसम ने बिगाड़ी विमानों की चाल
संतरानगरी में भले ही अभी कोहरे का असर न हो, लेकिन खराब मौसम के कारण विमानों की उड़ान प्रभावित हो रही है। रविवार को बंगलुरु के साथ ही पुणे, इंदौर व दिल्ली के विमानों में देरी दर्ज की गई। बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 509 तय समय सुबह 7.45 बजे से आधा घंटा देरी से, पुणे से आने वाला गो एयर का विमान क्रमांक 283 सुबह 8.55 बजे से एक घंटा देरी से, इंदौर से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 227 अपने तय समय दोपहर 1.40 बजे से आधा घंटे देरी से नागपुर पहुंचा। वहीं दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 221 अपने तय समय रात 9.40 बजे से 45 मिनट देरी से और बंगलुरु से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 525 रात 10.30 बजे से 2 घंटे देरी से नागपुर पहुंचने की जानकारी दी गई। विमानतल पर आने की संभावना जताई गई।
 

Tags:    

Similar News