लॉकडाउन में भी पुलिस का डर नहीं, महिला पर तानी रिवाल्वर- जान से मारने की दी धमकी

लॉकडाउन में भी पुलिस का डर नहीं, महिला पर तानी रिवाल्वर- जान से मारने की दी धमकी

Tejinder Singh
Update: 2020-05-15 17:22 GMT
लॉकडाउन में भी पुलिस का डर नहीं, महिला पर तानी रिवाल्वर- जान से मारने की दी धमकी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रिवाल्वर तानकर महिला को धमकाते हुए उसे घर खाली करने या इसके बदले पांच हजार रुपए फिरौती के रुप में देने की मांग की गई। देर रात सक्करदरा थानांतर्गत इस घटना को कुख्यात बदमाश ने अपने दो साथियों की मदद से अंजाम दिया। मामला दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। भांडे प्लाट निवासी नंदा रमेश वानखेड़े (50) दूसरों के घरों में साफ सफाई का करती है। उसका पति रिक्क्षा चालक है। वानखेड़े दंपति घरकुल योजना अंतर्गत आवंटित घरकुल में परिवार के साथ रहते हैं। नंदा का पुत्र बस्ती के कुख्यात बदमाश बंटी ठवरे (40) और उसके साथी आकाश गुंडलवार (21) और बादल सहारे (22) के साथ रहता था। नंदा उसे बंटी और उसके साथियों के साथ रहने के लिए मना करती थी। इस बात को लेकर नंदा ने उसे कई बार फटकार भी लगाई गई। यह बात बंटी को पता चलने पर वह गुरुवार की रात को करीब साढ़े बारह बजे अपने साथी बादल और आकाश के साथ नंदा के घर आ धमका और रिवाल्वर तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए योजना अंतर्गत मिला घरकुल खाली करने के लिए धमकाने लगा। घर खाली नहीं करने प्रतिमाह पांच हजार रुपए फिरौती के रुप से देने की मांग करने लगा। शिकायत में नंदा ने बताया है कि, घटना के दौरान बंटी ने जेब से रिवाल्वर निकाली थी। बता दें कि, बंटी कुख्यात बदमाश है। हत्या सहित कई गंभीर प्रकरण उसके खिलाफ दर्ज हैं। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। जांच जारी है।

मजदूर ही निकले केबल चोर

उधर लकड़गंज थाना अंतर्गत केबल चोरी की घटना का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने कबाड़ व्यापारी महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। चोरी का माल भी जब्त किया गया है। आरोपी शुभम वसंता खराबे (26), भंडारा जिले के डोंगरगांव (वर्तमान में दत्त नगर, बेसा, नागपुर), राहुल विट्ठललराव झाड़े (29), वर्धा जिले के हिंगणघाट अंतर्गत येरनगांव (वर्तमान में मां भगवती नगर, नागपुर) और कबाड़ व्यापारी कुसुम प्रदीप महाजन (45) मां भगवती नगर निवासी है। आरोपी शुभम और राहुल निजी कंपनी के टॉवर लगाने और केबल डालने का काम करते थे। बाद में वही केबल चुरा लेते थे। 13 से 15 अप्रैल-2020 के बीच दोनों ने लकड़गंज थाना क्षेत्र से केबल चुराया था। इस घटना की शिकायत लकड़गंज थाने में दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को अनुमान था कि, चोरी में केबल डालने का काम करने वाले मजदूरों की ही लिप्तता हो सकती है। इस दिशा में जांच-पड़ताल करते हुए पुलिस ने मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज बरामद किए और कंपनी के लोगों को दिखाए। पुलिस का अनुमान सही निकला। कंपनी ने शुभम और राहुल को पहचान लिया। पश्चात लकड़गंज पुलिस आरोपियों के घरों तक पहुंची। इस बीच भनक लगते ही राहुल फरार हो गया, लेकिन शुभम पकड़ा गया। हालांकि बाद में नंदनवन पुलिस ने राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि, उन्होंने चोरी का माल बस्ती की ही कबाड़ व्यापारी कुसुम प्रदीप महाजन को बेचा है। पुलिस ने प्रकरण में कुसुम को भी सह-आरोपी बनाया है। कुल 75 हजार 450 रुपए का माल आरोपियों के कब्जे से जब्त किया गया है। निरीक्षक नरेंद्र हिवरे के मार्गदर्शन में उप-निरीक्षक एस.वी. राऊत, भोजराज बांते, प्रदीप सोनटक्के, यशवंत डोंगरे और मंगेश लोही ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

युवती से छेड़छाड़...दो गुट भिड़े, हत्या का प्रयास

वहीं बजाज नगर थानांतर्गत देर रात युवती से छेड़छाड़ को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान कोयते से वार कर युवक की हत्या का प्रयास किया गया। इस भिड़ंत में चप्पलों से भी पीटा गया और देसी कट्टा भी निकाला गया। इससे कुछ समय के लिए अफरा तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। प्रकरण दर्ज कर पिता-पुत्रों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले में युवक घायल हो गया। लक्ष्मी नगर स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाले आकाश अशोक डकाह (20) गुरुवार की रात को करीब साढ़े दस बजे दोपहिया वाहन से कहीं जा रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार दिलीप छोटेलाल डकाह (45) और उसके पुत्र दिपेन दिलीप डकाह (28) ने यह कहकर आकाश से विवाद किया कि, उसने उसकी पुत्री से छेड़छाड़ की। बताया जा रहा है कि, जब दिलीप की पुत्री घर के आंगन में बैठी हुई थी, तब आकाश उसके साथ अभद्रता से पेश आया था। यह बात पुत्री ने पिता दिलीप और भाई दिपेन को बताई थी।

Tags:    

Similar News