महिला डॉक्टर से हफ्ता मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार, नीतेश राणे के संगठन का नेता भी शामिल

महिला डॉक्टर से हफ्ता मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार, नीतेश राणे के संगठन का नेता भी शामिल

Tejinder Singh
Update: 2018-05-24 15:10 GMT
महिला डॉक्टर से हफ्ता मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार, नीतेश राणे के संगठन का नेता भी शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे पुलिस की हफ्ता निरोधक प्रकोष्ठ ने महिला डॉक्टर से 10 लाख रुपए हफ्ता मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया एक आरोपी नारायण राणे के बेटे और विधायक नीतेश राणे के प्रहार संगठन का पदाधिकारी है। पुलिस ने आरोपियों को जाल बिछाकर उस वक्त दबोचा जब वह महिला डॉक्टर से घूस की किश्त के रुप में दो लाख रुपए ले रहे थे।

गिरफ्तार आरोपी का नाम सुनील शिरिषकर और सिद्धार्थ गायकवाड है। शिरिषकर प्रहार संगठन का सह संघटक और कोंकण संपर्क अध्यक्ष है। मामले में आंबिवली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नवदुर्गा धोनी की शिकायत पर कार्रवाई की गई। दरअसल आरोपियों ने धोनी के अस्पताल की वीडियो रिकॉर्डिंग कर धमकाया कि उनका अस्पताल गैरकानूनी है और इसके लिए महानगर पालिका से जरूरी मंजूरी नहीं ली गई है।

आरोपियों ने शिकायत कर अस्पताल तोड़ने की धमकी देते हुए डॉक्टर धोनी से 10 लाख रुपए हफ्ता मांगा। आरोपी संगठन के कार्यक्रम के नाम पर महिला डॉक्टर से 40 हजार रुपए ले चुके थे। इसके बाद आरोपी शिकायत न करने के लिए एक बार में साढ़े तीन लाख रुपए और देने या हर महीने 50 हजार की किश्त देने की मांग कर रहे थे। आखिरकर डॉक्टर धोनी ने बुधवार को ठाणे हफ्ता निरोधक प्रकोष्ठ के सीनियर इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा से मामले की शिकायत की।

इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दो लाख रुपए ले रहे आरोपियों को रंगेहाथों दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ महात्मा फुले पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 384, 385, 387 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने दूसरे लोगों से भी इसी तरह उगाही की है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Similar News