प्यास बुझाने के लिए कुएं से पानी निकाल रहे थे, डूब गए दो बालक

प्यास बुझाने के लिए कुएं से पानी निकाल रहे थे, डूब गए दो बालक

Anita Peddulwar
Update: 2019-05-18 14:05 GMT
प्यास बुझाने के लिए कुएं से पानी निकाल रहे थे, डूब गए दो बालक

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। प्यास बुझाने के लिए कुएं का पानी निकालते समय दो बालक डूब गए। घटना जिला मुख्यालय से समीपस्थ बोदली के खेत परिसर में शनिवार को हुई। यहां के निर्माणाधीन कुएं में गिरने से 2 बालकों की मृत्यु हो गयी। मृतकों में बोदली निवासी मुन्ना मनोहर मेश्राम (13) और दिशांत जगदीश मेश्राम (13) शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब दोनों बालक इस कुएं का पानी पीने के लिए कुएं में उतरे थे। गहरे पानी में चले जाने से उनकी मृत्यु हो गयी। 
 
प्यास बुझाने कुएं से पानी निकालने का प्रयास करते समय डूबे
इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को मुन्ना और दिशांत साइकिल से खेत परिसर में ईट भट्टी की राख लाने गये थे। वापस अपने घर लौटते समय उन्हें प्यास लगी तो दोनों ने  विठोबा वासेकर नामक किसान के खेत परिसर के निर्माणाधीन कुएं के पास गए और कुएं से पीने के लिए पानी निकालने के लिए पहले मुन्ना ने प्रयास किया। मुन्ना का पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। मुन्ना को देख उसे बचाने के लिए दिशांत ने भी कुएं में छलांग लगा दी लेकिन तैरना नहीं आने के कारण दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय खेत परिसर में कोई भी उपस्थित नहीं थी।

घटना के वक्त कोई नहीं था खेत में
दोपहर तक दोनों बालक अपने घर नहीं पहुंचने के कारण उनके परिजनों ने तलाश आरंभ की। वासेकर के खेत परिसर में दोनों की साइकिल दिखाई दी। लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो दोनों बालकों के शव दिखायी दिए। परिजनों व ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी तत्काल गड़चिरोली शहर पुलिस को दी। पुलिस ने जानकारी  मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों बालकों के शवों को कुएं से बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया गया। इस मामले में शहर पुलिस मर्ग दाखिल कर अधिक जांच आरंभ कर दी है। वहीं इस घटना से समूचे बोदली ग्राम में शोक की लहर बनी हुई है। 

Tags:    

Similar News