मौसम के दो रूप: बादल कहीं केवल गरजे, कहीं बरसे

इस मानसून सीजन में अब तक करीब 15 इंच बारिश मौसम के दो रूप: बादल कहीं केवल गरजे, कहीं बरसे

Abhishek soni
Update: 2022-07-07 17:32 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। प्रदेश के आसमान पर बने हवा के निम्न दाब के क्षेत्र के कारण रुक-रुककर बारिश का क्रम जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को शहर में मौसम के दो रूप नजर आए। शहर में दोपहर तकरीबन एक बजे घने बादल छाए और उन्होंने गर्जना भी खूब की... लेकिन वे बरसे नहीं। उधर, इसी समयावधि में विजयनगर, दीनदयाल चौक के आसपास के साथ ही शहर से लगे रांझी, पनागर, इन्द्राना समेत कुछ क्षेत्रों में करीब आधे से पौन घंटे तक तेज बारिश हुई। हालाँकि अधारताल में जहाँ मौसम विज्ञान केन्द्र स्थापित है, वहाँ पानी नहीं बरसा, इसलिए यह बारिश मौसम विज्ञान केन्द्र में दर्ज नहीं हो पाई। बताया गया है कि इस मानसून सीजन में अब तक करीब 15 इंच बारिश हो चुकी है।
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 िडग्री सेल्सियस रहा। आद्र्रता का प्रतिशत 92 रिकॉर्ड किया गया। जिले में बीते चौबीस घंटे में 15.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अब तक कुल बारिश 368 मिमी यानी तकरीबन 15 इंच के आसपास बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश या फिर बौछारें पडऩे की संभावना दर्ज कराई है। करीब 2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चलीं।
बंगाल की खाड़ी तक मानसून टर्फ सक्रिय -
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून टर्फ अहमदाबाद, गुना, जबलपुर, पेन्ड्रा रोड और झारसुगड़ा-गोपालपुर से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। उधर, पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में ओडिशा, आंध्रप्रदेश के तट के पास चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊँचाई तक सक्रिय है। जिसका असर जोरदार बारिश के रूप में नजर आएगा।

Tags:    

Similar News