केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर संक्रमित, जानिए- नागपुर सहित विदर्भ में कितनी तेजी से बढ़ रहे हैं मरीज

केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर संक्रमित, जानिए- नागपुर सहित विदर्भ में कितनी तेजी से बढ़ रहे हैं मरीज

Tejinder Singh
Update: 2021-04-16 16:00 GMT
केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर संक्रमित, जानिए- नागपुर सहित विदर्भ में कितनी तेजी से बढ़ रहे हैं मरीज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नई दिल्ली में केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर भी शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस बात की जानकारी खुद जावडेकर ने ट्वीट करके दी। केन्द्रीय मंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मैं आज कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। पिछले 2-3 दिनो में जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं, वे कृपया अपनी जांच करवा लें’। जावडेकर से पहले कई केन्द्रीय मंत्री कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। कोरोना महामारी के तेज प्रसार से सरकार भी सकते है। शुक्रवार को देश भर में 2,17,353 नए मरीज सामने आए और 1185 लोगों की जानें इस संक्रमण के चलते जा चुकी है।

उपराजधानी नागपुर की बात करें तो शुक्रवार को मरीजों का ग्राफ ऊपर ही था। संक्रमण से स्थिति भयावह हो गई है। जिले में शुक्रवार को फिर से मौत के आंकड़ों का रिकॉर्ड टूटा। जिले में पिछले 24 घंटे में 75 मौतें हुईं। इसके साथ ही पिछले 24 घंटे में अब तक के सबसे अधिक मरीज 5894 को डिस्चार्ज किया गया। शुक्रवार को 6194 नए मरीज सामने आए। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 309043 हो चुकी है। जिले में शुक्रवार को 25573 नमूनों की जांच की गई। जो अब तक की सबसे अधिक जांच हैं। नए 6194 संक्रमितों में एम्स में 772, मेडिकल में 672, मेयो में 275, नीरी में 148, नागपुर विश्वविद्यालय में 180, निजी लैब में 2027 और एंटीजन में 2120 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कुल संक्रमितों की संख्या 297036 हो गई है।

गोंदिया में कोरोना का विस्फोट, 29 ने गंवाई जान 

विदर्भ में महामारी से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को गोंदिया जिले में कोरोना से 29 लोगों की मृत्यु हो गई। जिले में अब तक इतनी बड़ी संख्या में मौत कभी नहीं हुई। यवतमाल में भी 26 लोग कोरोना से जीवन हार चुके हैं। अन्य जिलों में भी हालात बदतर हो चुके हैं। गोंदिया में शुक्रवार को 578 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 29 लोगों की मृत्यु हो गई। यवतमाल में 26 लोगों ने दम तोड़ दिया तथा 1237 लोग पॉजिटिव पाए गए। भंडारा में भी 16 मरीजों की मौत के साथ 1393 नए मरीज पाए गए।  गड़चिरोली में भी 11 लोगों की मौत हो गई तथा 434 नए मरीज मिले हैं। चंद्रपुर में 7 लोगों ने कोरोना के चलते जान गंवा दी तथा 1135 लोग संक्रमित पाए गए। वर्धा में भी 5 लोगों ने दम तोड़ दिया। 580 नए मरीज भी पाए गए। अमरावती जिले में 3 लोगों की मृत्यु के साथ 680 नए मरीज पाए गए।  

रातो रात किया ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम 

गोंदिया में गुरुवार 15 अप्रैल की रात शासकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी के कारण 400 से अधिक मरीजों की जान खतरे में पड़ गई। जिसके बाद विधायक विनोद अग्रवाल ने तुरंत मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन तथा छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से संपर्क कर ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया जिसके बाद बालाघाट से तड़के 2.30 बजे 40 और राजनांदगांव से तड़के 3 बजे 90 ऑक्सीजन सिलेंडर गोंदिया पहुंचे। फलस्वरूप मरीजों की जान बच पायी अन्यथा शुक्रवार को मौत का आंकड़ा संभवत: 29 से कहीं अधिक होता। 

भंडारा में तीन दिन बंद रहेंगी दुकानें, वर्धा में भी बदला समय  

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भंडारा शहर किराना एन्ड जनरल दुकानदार एसोसिएशन ने शनिवार 17 से मंगलवार 20 अप्रैल तक अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखने का ऐलान दिया है। दूसरी ओर जिला प्रशासन ने भी समयसारिणी में बदलाव करते हुए सब्जी दुकानें दोपहर 2 बजे तक तथा किराना दुकानें शाम 4 बजे तक ही खुली रखने की अनुमति प्रदान की है। वर्धा जिले में भी मेडीकल व स्वास्थ्य सुविधाओं को छोड़ अन्य सभी दुकानें सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक ही खुली रखने की छूट दी है। 

कोरोना मरीजों का अंतिम संस्कार करने से इनकार 

कोरोना से मृत लोगों के अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा संसाधन न दिए जाने के कारण गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव के नप के सफाई कर्मियों ने शवों को छूने से इनकार कर दिया है। दूसरी ओर वर्धा जिले के  स्वास्थ्य कर्मचारी, आंगनवाड़ी सेविकाए, आशा गट प्रवर्तक तथा डाक्टरों को बीमा कवच न दिए जाने पर कोविड के कार्यों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई है।

अकोला, बुलढाणा, वाशिम में 15 मृत, 2157 नए संक्रमित

अकोला जिले में शुक्रवार को 6 संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 545 हो गई है, 448 नए पॉजिटिव पाए जाने के कारण कुल संक्रमितों की संख्या 32,619 हो गई है। 455 लोग स्वस्थ होने से ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 28,019 हो गई है। 4,055 एक्टिव मरीज इलाज करवा रहे हैं।

बुलढाणा जिले में शुक्रवार को 4 मरीजों की मौत हुई। 1,140 नए संक्रमित मरीज मिलने से कुल मृतक 322 और संक्रमितों की संख्या 50,296 हो गई है। 780 मरीजों के स्वस्थ होने से अब ठीक हो चुके लोगों की तादाद 45,397 हो गई है। 6,765 एक्टिव मरीजों का उपचार जारी है। 

वाशिम जिले में शुक्रवार को 5 मरीजों की मौत हुई। 569 नए मरीज मिलने से कुल संक्रमित 20,910, तो मृतक बढ़कर 221 हो गए हैं। 269 मरीजों स्वस्थ होकर घर लौटे। 3,373 सक्रिय मरीजों का उपचार जारी है। 

 

Tags:    

Similar News