बच्चों की मदद से वाहन चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी पकड़ाए

बच्चों की मदद से वाहन चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी पकड़ाए

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-07 07:05 GMT
बच्चों की मदद से वाहन चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी पकड़ाए

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  मौज-मस्ती के लिए वाहन चोरी करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा। वाहन चोरी  में चार विधि संघर्षग्रस्त बालक भी शामिल हैं। इनके मुखिया अमोल दुर्योधन गजभिये (27), पुंजारामवाड़ी, गौरीगौरा चौक, डिप्टी सिंग्नल, कलमना निवासी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन वाहन चोरों से 5 दोपहिया वाहन, 7 नग तेल के डिब्बे सहित करीब 1 लाख 12 हजार रुपए का माल जब्त किया है। 

बच्चों की मदद से चुराए वाहन
आरोपी अमोल ने पुलिस को बताया कि, वह विधि संघर्षग्रस्त बालकों की मदद से वाहनों की चोरी करता था। उसके बाद वह उन्हें भी वाहन चलाने के लिए देता था। मौज-मस्ती के लिए उसने अपने साथियों को वाहन चोरी में शामिल कर लिया था। वह उनका मुखिया बनकर उनसे काम कराने लगा था। यह विधि संघर्षग्रस्त बालक वाहन चोरी में इतने शातिर हैं कि, पलक झपकते ही वाहन चुराकर फरार हो जाते हैं। इन आरोपियों ने लकड़गंज क्षेत्र में घर के सामने खड़ी संजय मारवडकर का दोपहिया वाहन क्र.-एम.एच.-31-डी.एल- 6929 चुराया था। संजय ने लकड़गंज थाने में इसकी शिकायत की थी। पुलिस ने आरोपी अमोल और उसके साथियों से संजय मारवडकर का दोपहिया वाहन भी जब्त किया है। आरोपी अमोल और उसके साथियों से वाहन चोरी के 6 मामले उजागर हुए हैं। इन आरोपियों ने कलमना, लकड़गंज और मौदा क्षेत्र से वाहनों की चोरी करने की बात स्वीकार की है। उक्त मामले अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट-1 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष खांडेकर और सहयोगियों ने उजागर किए हैं।  

दोपहिया पर सवार महिला के गहने छीनकर फरार
लकड़गंज क्षेत्र में बाइक पर तिबल सीट सवार होकर आए तीन चेन स्नैचरों ने दोपहिया पर रिश्तेदार के घर जा रही महिला के गले से सोने के गहने सहित करीब 38 हजार रुपए का माल छीनकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्लाट नं.-5 एनआईटी गार्डन, शांतिनगर निवासी नीलम शाहू रविवार को दोपहिया वाहन पर मानेवाड़ा में किसी रिश्तेदार के यहां जा रही थी। इस दौरान पाटीदार भवन, लकड़गंज परिसर में बाइक पर आए तीन चेन स्नैचरों ने झपट्टा मारकर नीलम शाहू के गले से सोने के गहने छीन लिए और फरार हो गए। नीलम दोपहिया वाहन से गिरते- गिरते बची। उसने मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन तब तक चेन स्नैचर उसकी आंखों से ओझल हो चुके थे। नीलम शाहू ने लकड़गंज थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने चेन स्नैचरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस 
सूत्रों ने बताया कि, चेन स्नैचिंग की इस वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं या नहीं, इस बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। हालांकि पुलिस ने आस-पास के गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि, जल्द ही चेन स्नैचर पकड़े जाएंगे। 

Tags:    

Similar News