राज्य भर में फिर जमकर बरसेंगे मेघ, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

राज्य भर में फिर जमकर बरसेंगे मेघ, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Anita Peddulwar
Update: 2019-08-07 07:10 GMT
राज्य भर में फिर जमकर बरसेंगे मेघ, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नागपुर । पूरे देश के अधिकतर राज्य फिर पानी-पानी रहेंगे। मौसम विभाग ने कहीं रेड, कहीं आरेंज तो कहीं के लिए यलो चेतावनी जारी की है। मंगलवार को भी तेज बौछारों की उम्मीद थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को करीब 6 घंटे ठिटका रहा। अब यह ओड़िशा तट के पास बना हुआ है। इसके चलते नमी का रिसाव कम होने से मंगलवार को पूरा दिन बादल तो छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। 

मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र अब दबाव के क्षेत्र (डिप्रेशन) में परिवर्तित हो रहा है। यह शायद बंगाल की खाड़ी में इस सत्र का पहला दबाव के क्षेत्र है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह कम दबाव के क्षेत्र से भी शक्तिशाली होता है। इसके प्रभाव से विदर्भ सहित मध्य भारत, मध्य प्रदेश, छतीसगढ़,  उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना है। मानसूनी द्रोणिका गंगानगर, हिसार, मैनपुरी, मिर्जापुर, रांची, जमशेदपुर तथा दबाव के क्षेत्र के मध्य से गुजर रही है। एक चक्रवाती चक्र हरियाणा पर बना हुआ है, जो कि मानसूनी द्रोणिका के ऊपर स्थित है। एक द्रोणिका दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती चक्र तक उत्तर महाराष्ट्र, दक्षिण छत्तीसगढ़ तथा दक्षिण ओड़िशा से होते हुए जा रही है। इसके चलते पूरे देश में मानसून सक्रिय बन रहा है। 

ऐसा रहा तापमान

मंगलवार को सुबह से ही मेघों ने शहर के आसमान पर डेरा डाल रखा था। सुबह कुछ देर बौछारें देने के बाद बादल पूरे दिन शांत बने रहे। इससे उमस ने कुछ हद तक लोगों को परेशान किया। हालांकि तापमान सामान्य के नीचे ही रहा लेकिन नमी की अधिकता के चलते उमस परेशान किए रही। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य पर 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता 92 व 89 प्रतिशत के मध्य बनी रही।  

Tags:    

Similar News