फिर टलेगा विधानमंडल मानसून सत्र, सितंबर में हो सकता है अधिवेशन  

फिर टलेगा विधानमंडल मानसून सत्र, सितंबर में हो सकता है अधिवेशन  

Tejinder Singh
Update: 2020-07-24 15:59 GMT
फिर टलेगा विधानमंडल मानसून सत्र, सितंबर में हो सकता है अधिवेशन  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संकट के चलते महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून अधिवेशन लगातार दूसरी बार टाला जाएगा। विधानमंडल का मानसून अब अगस्त महीने के आखिरी या फिर सितंबर महीने के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है। मंगलवार को विधानमंडल के दोनों सदनों की कामकाज सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में 3 अगस्त से शुरू होने वाले मानसून अधिवेशन को टालने और नई तारीख तय करने के संबंध में फैसला होगा। 

शुक्रवार को दिल्ली में विधानसभा के अध्यक्ष नाना पटोले ने यह जानकारी दी। पटोले ने कहा कि 3 अगस्त से मानसून सत्र शुरू होने वाला था, लेकिन कोरोना संकट के कारण इस अधिवेशन को टाला जा रहा है। अगले सप्ताह बीएसी की बैठक में अधिवेशन के बारे में अंतिम फैसला लिया जाएगा। पटोले ने कहा कि नियमों के तहत विधानमंडल के एक अधिवेशन के बाद दूसरे अधिवेशन को छह महीने के भीतर आयोजित होना चाहिए। राज्य में बजट सत्र मार्च महीने में बुलाया गया था। इसके आधार पर सितंबर महीने के पहले सप्ताह तक सत्र आयोजित करना पड़ेगा।

इससे पहले गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मानसून अधिवेशन को टालने के बारे में चर्चा हुई थी। पहले विधानमंडल का मानसून अधिवेशन 22 जून को बुलाया गया था। लेकिन कोरोना संकट के कारण मानसून अधिवेशन को 3 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया था। पर कोरोना संकट बरकरार होने के चलते एक बार फिर से मानसून अधिवेशन को टाला जाएगा। 

 

Tags:    

Similar News