विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने महिला को लगाया 24 लाख का चूना

विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने महिला को लगाया 24 लाख का चूना

Anita Peddulwar
Update: 2019-09-19 13:29 GMT
विदेशी फेसबुक फ्रेंड ने महिला को लगाया 24 लाख का चूना

डिजिटल डेस्क,मुंबई। ‘इंग्लैंड’ के फेसबुक फ्रेंड पर भरोसा करना एक 54 वर्षीय महिला को भारी पड़ गया। आरोपी ने महंगा गिफ्ट और 80 हजार पाउंड भेजने का झांसा देकर महिला को 24 लाख रुपए से ज्यादा का चूना लगा दिया। नई मुंबई के नेरुल इलाके में रहने वाली महिला ने ठगी का एहसास होने के बाद पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

इस तरह महिला को दिया झांसा

अपनी शिकायत में महिला ने बताया है कि वह कपड़े सिलाई का व्यवसाय करती है। अगस्त महीने में फेसबुक पर उसे एलेक्स ओमर नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद आरोपी ने महिला से मैसेंजर के जरिए चैटिंग शुरू की। आरोपी ने दावा किया कि वह इंग्लैंड में रहता है और बड़े पद पर काम करता है। इसके बाद उसने महिला का फोन नंबर लिया और उससे वाट्सएप पर भी चैटिंग करने लगा। भरोसा बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला को कहा कि वह उसे गहने, पर्स, परफ्यूम जैसे महंगे सामान और 80 हजार पाउंड तोहफे के तौर पर भेज रहा है।

कुछ दिनों बाद पीड़ित महिला एक दूसरी महिला ने फोन किया और दावा किया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट के कस्टम विभाग से बोल रही है। उसने कहा कि उसका गिफ्ट आया है और उसे लेने के लिए कुछ पैसे भरने पड़ेंगे वरना गिफ्ट वापस भेज दिया जाएगा। महिला ने पैसे भर दिए इसके बाद उसे फिर फोन और कहा गया कि स्कैनिंग के दौरान पार्सल में पाउंड नजर आया है इसलिए उसे और पैसे जमा करने होंगे। महिला से धीरे-धीरे अलग अलग बहाने से अलग अलग बैंक खातों में 24 लाख 18 हजार रुपए भरा लिए। इसके बाद भी जब आरोपी और रकम जमा करने की मांग करते रहे तो महिला को ठगी का एहसास हुआ उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।   

Tags:    

Similar News