सलमान को लेकर विवेक बोले- क्या वह माफ करने में यकीन करते हैं?

सलमान को लेकर विवेक बोले- क्या वह माफ करने में यकीन करते हैं?

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-15 18:49 GMT
सलमान को लेकर विवेक बोले- क्या वह माफ करने में यकीन करते हैं?
हाईलाइट
  • इसकी वजह एकबार फिर सलमान खान हैं।
  • विवेक ओबेरॉय इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं।
  • विवेक ओबेरॉय ने एकबार फिर सलमान से माफी मांगा है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक में उनका रोल कर रहे विवेक ओबेरॉय इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं। इसकी वजह एक बार फिर सलमान खान हैं। विवेक ओबेरॉय ने एक बार फिर सलमान से माफी मांगी है। दरअसल, एश्वर्या राय से ब्रेकअप होने के बाद सलमान खान और विवेक ओबेरॉय के बीच काफी दूरियां आ गई थीं। ऐसा कहा जाता है कि सलमान से ब्रेक अप के बाद विवेक और एश्वर्या के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं, जो कि सलमान को नागावार गुजरी थी और उन्होंने विवेक को खूब खरी खोटी सुनाई थी।

विवेक सोमवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे। वहां मीडिया द्वारा यह पूछे जाने पर कि अगर उन्हें सलमान खान से एक सवाल पूछने का मौका मिले तो वह क्या पूछेंगे। इसपर जवाब देते हुए विवेक ने कहा कि वह सलमान से यह पूछेंगे कि क्या वह माफ करने में यकीन करते हैं? बता दें कि 2003 में विवेक ऑबेरॉय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सलमान पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। विवेक ने कहा था कि सलमान उन्हें रात में कई बार फोन करते हैं और धमकी देते हैं। इसके बाद से ही उनके और सलमान के बीच विवाद शुरु हो गया था। हालांकि इसके बाद विवेक ने कई दफा माफी भी मांगी थी, लेकिन सलमान ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। 16 साल बीत जाने के बाद भी विवेक ऐसा मानते हैं कि सलमान उन्हें माफ कर देंगे।

गौरतलब है कि 90 के दशक में एश्वर्या राय और सलमान खान के बीच रोमांस ने काफी सुर्खियां बटोरीं थीं। ऐसा कहा जाता है कि संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। हालांकि दोनों की बीच सबकुछ ठीक नहीं रहा और धीरे-धीरे दोनों अलग हो गए। इसके बाद ऐश्वर्या और विवेक ओबेरॉय के बीच नजदीकियां की खबरें सामने आने लगीं। इन दोनों ने एक फिल्म "क्यों हो गया ना" में एकसाथ काम भी किया था। इसके बाद विवेक ने 2003 में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सलमान पर आरोप लगाए थे। जिसके बाद से सलमान और विवेक के बीच मनमुटाव शुरू हो गया। वहीं ऐश्वर्या और विवेक भी अलग हो गए।

इस घटना के बाद कई बार विवेक ने सलमान से माफी मांगने की कोशिश की। विवेक ने फराह खान के चैट शो "तेरे मेरे बीच में" कहा था कि उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का अफसोस है। विवेक ने कहा कि उस विवाद से उन्हें बॉलीवुड में काफी नुकसान हुआ था। 

Tags:    

Similar News