उप्र में जनपद स्तर पर होगा पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग

उप्र में जनपद स्तर पर होगा पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग

IANS News
Update: 2020-05-18 14:00 GMT
उप्र में जनपद स्तर पर होगा पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग

लखनऊ, 18 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने मुख्यमंत्री के हवाले से कहा कि जनपद स्तर पर पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग सुनिश्चित हो, इसकी तत्काल व्यवस्था की जाए।

सोमवार को लोकभवन में कोरोना वायरस के संबंध में की गई प्रेस कांफ्रेंस में अवस्थी ने कहा कि टीम 11 के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लॉकडाउन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग सुनिश्चित हो, इसकी तत्काल व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा का कि पल्स ऑक्सीमीटर से किसी भी व्यक्ति के शरीर में ऑक्सीजन की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली जा सकती है। इसके आधार पर कोरोना संक्रमण के प्राथमिक स्तर पर जानकारी मिलने में भी आसानी होगी।

अपर मुख्य सचिव (गृह) ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए पल्स ऑक्सीमीटर को आशा वर्कर, एएनएम व फील्ड कर्मचारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय राज्यमार्ग, राज्यमार्गों पर स्थित टोलप्लाजा पर प्रवासी कामगारों के लिए भोजन व पेयजल की निशुल्क व्यवस्था हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि प्रदेश की सीमा से बाहर से आने वाले लोगों का सम्मानजनक स्वागत हो, इसके लिए उन्हें पानी की एक बोतल जरूर दी जाए। इसके बाद उनकी स्क्रीनिंग कराकर जनपद तक पहुंचने में हर संभव सहायता की जाए।

इतना ही नहीं, सीएम योगी ने यह भी निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, चौराहे व मार्गों की सघन पेट्रोलिंग की जाए। विशेषकर, रात में पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है।

अपर मुख्य सचिव (गृह) ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के लिए लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। अब तक गुजरात से 275, महाराष्ट्र से 140, पंजाब से 101, राजस्थान से 17, दिल्ली से 6, तेलंगाना से 7, कर्नाटक से 20, आंध्रप्रदेश से 2, मध्यप्रदेश से 2 ट्रेन सहित कुल 590 ट्रेनों से 7 लाख 60 हजार से अधिक श्रमिकों व कामगारों की वापसी हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब 48 स्टेशनों को इन ट्रेनों के आगमन के लिए सुनिश्चित कर लिया गया है।

Tags:    

Similar News