संसद घेराव में जुटेंगे 50 हजार से अधिक किसान : पटोले

संसद घेराव में जुटेंगे 50 हजार से अधिक किसान : पटोले

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-17 19:02 GMT
संसद घेराव में जुटेंगे 50 हजार से अधिक किसान : पटोले
हाईलाइट
  • 30 नवंबर को दूसरे दलों के किसान संगठनों के साथ मिलकर दिल्ली में एक बड़ी रैली निकालने की योजना है।
  • कांग्रेस ने मोदी सरकार को किसानों के मसले पर घेरने की रणनीति बनाई है।
  • पार्टी 23 अक्टूबर को देश भर के किसानों को राजधानी दिल्ली बुलाकर संसद घेरने की तैयारी में है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ने मोदी सरकार को किसानों के मसले पर घेरने की रणनीति बनाई है। इसके तहत पार्टी 23 अक्टूबर को जहां देश भर के किसानों को राजधानी दिल्ली बुलाकर संसद घेरने की तैयारी में है। वहीं 30 नवंबर को दूसरे दलों के किसान संगठनों के साथ मिलकर दिल्ली में एक बड़ी रैली निकालने की योजना है।

अखिल भारतीय किसान खेत मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को यहां पत्रकारों को बताया कि 23 अक्टूबर को संसद घेराव में देश भर के 50 हजार से ज्यादा किसान हिस्सा लेंगे। भाजपा का सांसद रहते हुए सबसे पहले मोदी सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले पटोले ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्ष के दौरान किसानों की हालत बद से बदतर हुई है। मोदी सरकार ने किसानों के लिए वादे तो बहुत किए परंतु सभी वादे अधूरे रह गए। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को किसान भारतीय संसद को घेरकर सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराएंगे।

नाना पटोले ने बताया कि 30 नवंबर को दिल्ली में किसानों की एक बड़ी रैली करने की योजना बन रही है। इस संबंध में उनकी किसान नेता वीएम सिंह और राजू शेट्‌टी से बातचीत हुई है। दूसरे किसान नेताओं के साथ भी जल्द ही बैठक होगी। उन्होने बताया कि इस विरोध रैली में भाजपा को छोड़कर सभी दलों के किसान संगठन शिरकत करेंगे।

Similar News