' 9 माह में बच्चा पैदा हो जाता है, पर सरकार नहीं जानती कि बैंकों में 500-1000 के कितने नोट आए'

' 9 माह में बच्चा पैदा हो जाता है, पर सरकार नहीं जानती कि बैंकों में 500-1000 के कितने नोट आए'

Bhaskar Hindi
Update: 2017-07-25 12:54 GMT
' 9 माह में बच्चा पैदा हो जाता है, पर सरकार नहीं जानती कि बैंकों में 500-1000 के कितने नोट आए'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नौ महीने के गर्भ के बाद तो बच्चे का भी जन्म हो जाता है। लेकिन देश को अब तक यह पता नहीं चल पाया कि नोटबंदी से 500-1000 रुपए के कितने नोट बैंकों में वापस आए। यह बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने मंगलवार को राज्यसभा में कही। उन्होंने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि आप चंद्रमा और मंगल पर जाने की बात करते हैं, डिजिटल भारत की बात करते हैं लेकिन आप रुपए नहीं गिन सकते।

इस दौरान विभिन्न दलों के सदस्यों ने आनंद शर्मा द्वारा उठाए गए मुद्दे पर अपना समर्थन जताया। विपक्षी दलों ने कहा कि रिजर्व बैंक को यह बताना चाहिए कि नोटबंदी के बाद 500 और 1000 रुपए के कितने उनके पास वापस आए हैं।

गौरतलब है कि सरकार ने पिछले साल आठ नवंबर को 500 और 1000 रुपए के नोटों का प्रचलन बंद कर दिया था। यह कदम कालेधन और नकली नोटों को बाहर निकालने के उद्देश्य से उठाया गया था। लेकिन 9 महीने के बाद भी सरकार यह नहीं बता पाई कि अब तक कुल कितने मूल्य के नोट रिजर्व बैंक के पास आए हैं। 2 दिसंबर 2016 को राज्यसभा में वित्त राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा दिए गए जवाब के अनुसार, 500 रुपए के 1716.5 करोड़ नोट और 1000 रुपए के 685.8 करोड़ नोट चलन में थे जिनका कुल मूल्य 15.44 लाख करोड़ रुपए था। यह राशि प्रचलन मे रही कुल करेंन्सी का 86 फीसदी थी।

Similar News