गुजरात की पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल होंगी मध्य प्रदेश की नई राज्यपाल

गुजरात की पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल होंगी मध्य प्रदेश की नई राज्यपाल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-19 16:23 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल मध्यप्रदेश की नई राज्यपाल होंगी। शुक्रवार शाम को को उन्हें यह दायित्व सौंपे जाने का फैसला लिया गया है। अभी तक गुजरात के राज्‍यपाल ओमप्रकाश कोहली के पास मध्यप्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार था। 22 नवंबर 2016 को पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन के बाद से ओमप्रकाश कोहली यह प्रभार संभाल रहे थे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद आनंदीबेन को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया था। वह 22 मई 2014 से 7 अगस्त 2016 तक इस पद पर रहीं। इसके बाद आनंदीबेन पटेल ने फेसबुक के जरिए मुख्यमंत्री पद से अपने इस्तीफे का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अब आने वाली पीढ़ी को काम करने का मौका मिलना चाहिए। पिछले दिनों गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान आनंदीबेन पटेल ने चुनाव लड़ने से भी इंकार कर दिया था। तभी से उनके राज्यपाल बनाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

 

 



21 नवम्बर 1941 को जन्मी आनंदीबेन पटेल के नाम गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने की उपलब्धि है। वे एक शिक्षक थीं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के लिए राज्यपाल और राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। साल 1994 में उन्होंने बीजिंग में चतुर्थ विश्व महिला सम्मेलन में भारत का नेतृत्व किया था। नर्मदा नदी के नवगाम जलाशय में डूबती हुई लड़की को बचाने के लिए वे वीरता पुरस्कार भी हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा भी उन्हें समय-समय पर कई पुरस्कारों से नवाजा जाता रहा है।

शिक्षा और अन्य समाजसेवी कार्यों में आनंदी बेन पटेल की उपलब्धियों के चलते उन्हें बीजेपी की ओर से राज्यसभा का टिकट मिला। 1994 में आनंदीबेन राज्यसभा सदस्य चुनीं गईं। साल 1998 में उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया और गुजरात विधानसभा का चुनाव लड़ा। पहले ही चुनाव में उन्हें जबरदस्त जीत हासिल हुई। उन्हें 1998 में गुजरात का शिक्षा मंत्री बनाया गया। 1998 से लेकर 2012 तक आनंदीबेन ने लगातार विधानसभा चुनाव जीते और अपना मंत्री पद बरकरार रखा। साल 2014 में तत्कालीन गुजरात सीएम नरेन्द मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आनंदीबेन को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया था।

Similar News