हिमाचल कांग्रेस को मिला झटका, कैबिनेट मंत्री बीजेपी में शामिल

हिमाचल कांग्रेस को मिला झटका, कैबिनेट मंत्री बीजेपी में शामिल

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-15 06:08 GMT
हिमाचल कांग्रेस को मिला झटका, कैबिनेट मंत्री बीजेपी में शामिल

डिजिटल डेस्क, देहरादून। हिमाचल में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा झटका मिल गया है। दरअसल सीएम वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह की भाभी के भाजपा में शामिल होने के बाद अब मंडी से कांग्रेस के लिए बुरी खबर आई है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल शर्मा शनिवार शाम कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। अनिल शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे हैं। हालांकि उन्होंने अभी मंत्रिमंडल और कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया है। जल्द ही वह विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो जाएंगे। वीरभद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अनिल शर्मा का कहना है कि लंबे समय से उन्हें और उनके परिवार को नजरंदाज किया जा रहा था। 

कांग्रेस में घुटन महसूस हो रही थी

अनिल शर्मा ने भाजपा में शामिल होने की बात स्वीकारते हुए कहा कि कांग्रेस में वह लंबे समय से घुटन महसूस कर रहे थे। राहुल गांधी की मंडी रैली के दौरान उनके पिता पंडित सुखराम का विरोध किया गया था। इसी के चलते वह इस रैली में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद चुनाव को लेकर गठित समितियों में भी उनको और पंडित सुखराम को कोई जगह नहीं मिली। शनिवार को पंडित सुखराम ने खुद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुशील शिंदे से दिल्ली में मुलाकात कर नाराजगी जताई लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं और वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। नामांकन दाखिल करने की तिथि 16 से 23 अक्टूबर व नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर होगी।

चुनाव की घोषणा होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। राज्य में 49 लाख से ज्यादा मतदाता हैं जिनके लिए 7,479 से ज्यादा मतदाता केंद्र बनाए जाएंगे। 68 सदस्यीय हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 7 जनवरी 2018 को समाप्त होगा। 
 

Similar News