बीजेपी नेताओं ने कहा-सिन्हा के पास है गहरा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव

बीजेपी नेताओं ने कहा-सिन्हा के पास है गहरा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव

IANS News
Update: 2020-08-06 08:00 GMT
बीजेपी नेताओं ने कहा-सिन्हा के पास है गहरा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव

नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। गिरीश चंद्र मुर्मू के इस्तीफे के बाद भाजपा नेता मनोज सिन्हा को गुरुवार को केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का नया उपराज्यपाल (एलजी) बनाया गया है। वह शुक्रवार को शपथ ले सकते हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने मनोज सिन्हा को एलजी बनाने के फैसले को सही बताया है।

बीजेपी नेताओं ने कहा है कि उनके पास राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव दोनों है, जिससे जम्मू-कश्मीर के विकास को वह नई दिशा दे सकते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर मामलों के प्रभारी राम माधव ने मनोज सिन्हा को उपराज्यपाल बनाने के फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने मनोज सिन्हा को विद्वान और अनुभवी नेता बताते हुए कहा कि मंत्री रहने के कारण उनके पास प्रशासनिक अनुभव है।

माधव ने कहा, जम्मू-कश्मीर प्रशासन के प्रमुख के तौर पर वह घाटी के विकास को नई दिशा देने में सफल होंगे।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी जम्मू-कश्मीर का नया उपराज्यपाल नियुक्त होने पर मनोज सिन्हा को बधाई दी।

जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट से सांसद और पीएमओ में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मनोज सिन्हा से फोन पर बात कर बधाई दी।

उन्होंने कहा, मनोज सिन्हा के पास राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों तरह के अनुभव हैं।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंख शेखावत ने भी बधाई देते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद से मनोज सिन्हा के सक्षम नेतृत्व में घाटी में विकास का नया युग शुरू होगा।

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने कहा, वह विनम्र, लेकिन बहुत बुद्धिमान हैं। अतिशिक्षित, राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभवी होने के कारण इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए बहुत योग्य हैं।

एनएनएम

Tags:    

Similar News