पीएम मोदी बोले- बूथ हमारी चौकी है, वह मजबूत होनी चाहिए, कार्यकर्ताओं को जुटना होगा

पीएम मोदी बोले- बूथ हमारी चौकी है, वह मजबूत होनी चाहिए, कार्यकर्ताओं को जुटना होगा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-08 04:01 GMT
पीएम मोदी बोले- बूथ हमारी चौकी है, वह मजबूत होनी चाहिए, कार्यकर्ताओं को जुटना होगा
हाईलाइट
  • दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में बीजेपी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई।
  • पहले दिन पांच राज्यों में चुनावों के साथ अन्य मुद्दों पर की गई थी चर्चा।
  • पीएम मोदी ने कहा
  • 'एक-एक पोलिंग बूथ को जीतना है
  • कार्यकर्ताओं को इसमें जुटना है।'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में बीजेपी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को संपन्न हो गई। समापन के बाद केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बैठक के बारे में मीडियो को ब्रीफ किया। उन्होंने बताया, "बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि 2019 में बीजेपी फिर जीतेगी और अगले 50 सालों तक उसे कोई नहीं हरा पाएगा।" रविशंकर प्रसाद ने कार्यकारिणी की बैठक में पीएम मोदी के वक्तव्य के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी चुनाव में बीजेपी के सामने कोई चुनौती नहीं है।

क्या कहा पीएम मोदी ने

  • हम विजय का विश्वास लेकर चल पड़े हैं, और इस विश्वास का आधार है- सवा सौ करोड़ देशवासियों का प्यार।
  • एक-एक पोलिंग बूथ को जीतना है, कार्यकर्ताओं को इसमें जुटना है।
  • बूथ हमारी चौकी है और संगठन व सरकार का किला। वह मजबूत होना चाहिए, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जुटना होगा।
  • हमारे पास प्रतिबद्धता है, नेतृत्व है, विचारधारा है, कार्यकर्ताओं की ताकत है। हमें उनके झूठ के तंत्र को तोड़ना है।
  • गुजरात में हम 31 साल से शासन कर रहे हैं। यह इसलिए हो पाया क्योंकि हमें सत्ता का अहंकार नहीं है। हम सत्ता को जनता की सेवा करने का उपकरण समझते हैं।
  • महागठबंधन स्वार्थ का गठबंधन है। महागठबंधन का मतलब है- नेतृत्व का पता नहीं, नीति अस्पष्ट, नीयत भ्रष्ट। 
  • यह हमारी जीत है, हमारी कामयाबी है कि बिना साझा विचारों के विपक्षी दल साथ आने को मजबूर हैं।
  • छोटे-छोटे दल भी कांग्रेस नेतृत्व को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं, कई तो उसे बोझ मानते हैं। कांग्रेस के भीतर भी नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
  • जो सत्ता में फेल हुए, वे विपक्ष में भी फेल हुए हैं। कभी भी किसी फेयर मुद्दे पर बात नहीं उठाई।
  • कांग्रेस न मुद्दों पर लड़ती है न काम पर, सिर्फ झूठ पर लड़ती है। हम नीति के साथ लड़ने को तैयार हैं। हर झूठ का जवाब देंगे।


रविवार की बैठक में इससे पहले  केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जिसमें कहा गया है कि 2022 तक देश से जातिवाद, संप्रदायवाद, आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म होगा। हालांकि इस प्रस्ताव में राफेल डील और राम मंदिर का मुद्दा शामिल नहीं है। प्रस्ताव के मुताबिक केंद्र सरकार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और इसकी वजह से उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ रहा है। भाजपा के प्रस्ताव के मुताबिक कार्यकारिणी में एनआरसी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई जिसमें कहा गया कि घुसपैठियों के लिए देश में कोई जगह नहीं है। अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के सिख, बौद्ध, क्रिश्चियन, हिंदू शरणार्थी अगर देश में आते हैं तो उनकी मदद की जाएगी।
 

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा

  • पीएम मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा बनाने का जो संकल्प लिया था वो अब पूरा होने जा रहा है, 31 अक्टूबर 2018 को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्म जयंती पर दुनिया की सबसे पड़ी प्रतिमा
  • आज कुछ लोग देश की एकता और अखंडता और साथ ही समाज को तोड़ने का काम कर रहें है उसके सामने एकता के प्रतिक के रूप में  "Statue of Unity" खड़ा होने जा रहा है जो देश के लिए एक गौरव की बात बनेगा 

केन्द्रीय प्रकाश जावड़ेकर ने कहा

  • राजनीतिक प्रस्ताव में बताया है कि किस प्रकार आज देश में एक इनोवेशन का कल्चर शुरू हुआ है। खुद की तरक्की करते हुए लोग देश की तरक्की में सहभागी हो रहें है।
  • विपक्ष के पास ना कोई नेता है, ना कोई नीति है और ना ही कोई रणनीति है इसीलिए विपक्ष हताश है और नकारात्मकता की राजनीति कर रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा

  • मोदी सरकार ने किसानों की फसल खरीदी की व्यवस्था को बेहतर बनाकर और व्यापक स्तर पर किसानों की फसल खरीदकर किसानों को उचित मूल्य प्रदान करने का काम किया है। 
  • यूरिया की नीम कोटिंग करके मोदी सरकार ने देश के हर किसान को यूरिया उपलब्ध करवाने का काम किया है।
  • हर किसान के लिए सिंचाई की व्यवस्था करना हो, नदियों को जोड़ने का कार्यक्रम हो या फिर साइल हेल्थ कार्ड किसानों को उपलब्ध करवाना हो सभी मोर्चों पर मोदी सरकार ने सफलता प्राप्त की है।
  • पीएम श्री नरेन्द्र मोदी जी का ये संकल्प है कि 2022 तक किसानों की आय को दोगुना किया जाए और पीएम मोदी ने इस नारे को एक मंत्र के रूप में लेकर कार्य किया जा रहा है।
  • भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में Agriculture Resolution पास किया गया है।


किस पर क्या बोले अमित शाह

NRC पर : हम इस तरह से NRC का क्रियान्यवयन करेंगे कि एक भी नया घुसपैठिया भारत में न आ सके। बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अगर कोई सिख-हिंदू-बौद्ध और क्रिश्चन भारत से मदद मांगेगा, तो उन्हें शरण देने के लिए तैयार हैं।

कांग्रेस पर : एक तरफ जहां भाजपा "मेकिंग इंडिया" में लगी है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस "ब्रेकिंग इंडिया" में लगी है।

आर्थिक नीतियों पर : भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ी है और आर्थिक सुधार हुए हैं। पार्टी के कार्यकर्त्ता अर्थव्यवस्था को लेकर "पी. चिदंबरम एंड कंपनी" द्वारा फैलाई जा रही भ्रांतियों को तथ्यों के आधार पर चुनौती दें।

महागठबंधन पर : महागठबंधन झूठ पर आधारित गठबंधन है। कार्यकर्ताओं से अपील कि इसका सच देश की जनता तक ले जाएं। महागठबंधन एक ढकोसला है। यह भ्रांति और झूठ पर आधारित है।

आगामी चुनाव पर : BJP की 19 राज्यों में सरकार है और देश के 75 फीसदी हिस्से पर शासन है। पार्टी 2014 से भी बड़े अंतर से 2019 का लोकसभा चुनाव जीतेगी। बीजेपी अपनी सरकार की उपलब्धियों पर ही चुनाव लड़ेगी। 

अरबन नक्सल पर : यह वोट बैंक की राजनीति के लिए किया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में जो भी किया वो प्रशंसनीय है।

 

बैठक का पहला दिन 
पहले दिन पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह समेत बीजेपी के लगभग सभी वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकारिणी को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि एक और बीजपी "मेकिंग इंडिया" में लगी है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस "ब्रेकिंग इंडिया" में लगी है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी अगला चुनाव मोदी सरकार की उपलब्धियों पर ही लड़ेगी। कार्यकारिणी की बैठक के बारे में रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने मीडिया को ब्रीफ किया। उन्होंने बताया, "बीजेपी अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि बीजेपी अपनी सरकार की उपलब्धियों पर ही चुनाव लड़ेगी। सभी कार्यकर्त्ता सरकार के अच्छे कामों को लोगों के सामने ले कर आएंगे।" इसके साथ ही विभिन्न मुद्दों पर भी अमित शाह ने कार्यकारिणी में बीजेपी का रुख स्पष्ट किया।


इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा 2014 की तरह हमारे पास प्रचंड बहुमत है। इस बार भी हमारी सरकार बनेगी क्योंकि हमारे पास दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है। इस दौरान बीजेपी पदाधिकारियों ने ये भी फैसला किया है कि लोकसभा चुनाव तक अमित शाह ही पार्टी अध्यक्ष बने रहेंगे और लोकसभा चुनाव के पहले कोई संगठन चुनाव नहीं होंगे। बता दें कि विधानसभा चुनावों के लिहाज से बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक अहम मानी जा रही है। चूंकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम के साथ तेलंगाना में भी चुनाव होंगे।

Similar News