जल्द हो सकता है कैबिनेट में बदलाव, कौन लेगा सुरेश प्रभु की जगह ?

जल्द हो सकता है कैबिनेट में बदलाव, कौन लेगा सुरेश प्रभु की जगह ?

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-24 02:23 GMT
जल्द हो सकता है कैबिनेट में बदलाव, कौन लेगा सुरेश प्रभु की जगह ?

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। एक हफ्ते के अंदर 2 बड़े रेल हादसे होने के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने हादसों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी को अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी, लेकिन पीएम ने उन्हें इंतजार करने को कहा है। माना जा रहा है कि नरेंद्र मोदी जल्द ही कैबिनेट में फेरबदल कर सकते हैं। इसमें रेल मंत्रालय भी किसी और को दिया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि इस फेरबदल में बीजेपी के कुछ मंत्रियों को अपने पद से हाथ धोना पड़ सकता है। कैबिनेट विस्तार में JDU के मंत्रियों को भी स्थान दिया जा सकता है लेकिन AIADMK के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री 3 सितम्बर को चीन जा रहे हैं, इसके पहले ही मोदी कैबिनेट में फेरबदल की संभावना है।

गडकरी बनाए जा सकते हैं रेल मंत्री

 सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी के बेहतर काम को देखते हुए उन्हें रेल मंत्रालय का जिम्मा सौंपा जा सकता है।

मिल सकता है नया रक्षा मंत्री
कयास लगाए जा रहे हैं कि कैबिनेट विस्तार में देश को नया रक्षा मंत्री भी मिल सकता है। दरअसल मनोहर पर्रिकर के रक्षा मंत्रालय छोड़ने के बाद वो गोवा के मुख्यमंत्री बन गये थे। जिसके बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रखा है। गौरतलब है कि चीन सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच यह मांग भी उठी है कि देश में फुल टाइम डिफेंस मिनिस्टर होना जरूरी है। इसके साथ ही बैठक में जो मंत्रालय के पद खाली हैं या उस पर भी नियुक्तियां संभव है। 

JDU के दो नेताओं को मिल सकता है कैबिनेट में स्थान

गौरतलब है कि हाल ही में नीतीश कुमार की JDU से बीजेपी के साथ नाता जोड़ते हुए बीजेपी के नेतृत्‍व वाले एनडीए में शामिल होने की घोषणा की थी। सूत्रों का कहना है कि विस्तार में जेडीयू के दो मंत्रियों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

हो सकती है राज्यपालों की नियुक्ति

फिलहाल तमिलनाडु और बिहार में राज्यपाल का पद खाली है। भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं को राज्यपाल बनाया जा सकता है।

Similar News