AAP नेता का खालिस्तानियों को समर्थन, सीएम अमरिंदर ने केजरीवाल से मांगा जवाब

AAP नेता का खालिस्तानियों को समर्थन, सीएम अमरिंदर ने केजरीवाल से मांगा जवाब

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-16 12:35 GMT
AAP नेता का खालिस्तानियों को समर्थन, सीएम अमरिंदर ने केजरीवाल से मांगा जवाब
हाईलाइट
  • अमरिंदर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से खालिस्तानी आंदोलन पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
  • पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेता सुखपाल खैरा के बयान की कड़ी निंदा की।
  • सुखपाल खैरा ने कथित तौर पर खालिस्तानियों का समर्थन किया था और साल 2020 में रेफरेंडम कराकर अलग देश खलिस्तान की मांग की थी।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेता सुखपाल खैरा के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर खालिस्तानियों का समर्थन किया है। अमरिंदर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से खालिस्तानी आंदोलन पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। वहीं पंजाब बीजेपी के उपाध्यक्ष अनिल सरीन ने सुखपाल खैरा के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब सरकार को सुखपाल के खिलाफ केस रजिस्टर करना चाहिए। उन्होंने कहा है, "अरविंद केजरीवाल को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। सुखपाल को नेता प्रतिपक्ष के पद से भी हटाया जाना चाहिए।"

 

 

पंजाब सीएम ने मांगा जवाब
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अरविंद केजरीवाल को ट्विटर पर टैग करके कहा, "मैं आपके नेता प्रतिपक्ष सुखपाल सिंह खैरा के उस बयान की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें उन्होंने जनमत संग्रह 2020 (अलग देश खालिस्तान) जो पंजाब को भारत से अलग करने की कोशिश है का समर्थन किया है। आप इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करें और अपनी पार्टी के लोगों को जिम्मेदारी भरा बर्ताव करने को कहें। यह देखें के यह जनमत संग्रह किसलिए है।" 

 

 

सुखपाल का विवादित ट्वीट
इससे पहले सुखपाल सिंह खैरा ने ट्वीट कर कहा था, "हालांकि, मैं सिखों के लिए अलग मातृभूमि की मांग करने वाले 2020 जनमत संग्रह का मतदाता नहीं हूं, लेकिन मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि यह पक्षपातपूर्ण नीतियों और बंटवारें के बाद से सिखों के उत्पीड़न का नतीजा है। चाहे फिर वो दरबार साहिब पर हमला हो या फिर 1984 के दंगों में सिखों का कत्लेआम वगैरह!

 



कृपया दोहरा रवैया न अपनाएं
सुखपाल सिंह खैरा पर कैप्टन अमरिंदर के सवालों के बाद सुखपाल ने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "अब जबकि मैंने स्पष्टीकरण दे दिया है, क्या आप भी (कैप्टन अमरिंदर) जवाब देंगे कि क्या आप 2020 जनमत संग्रह के लिए किए गए अमृतसर डिक्लरेशन का हिस्सा नहीं थे? क्या आपने यूएनओ चीफ बुतरस घाली के मेमोरंडम पर दस्खत नहीं किए, जिसमें "राइट टु सेल्फ डिटर्मिनेशन" की मांग की गई थी? और यह भी 2020 जनमत संग्रह से जुड़ा हुआ था। कृपया दोहरा रवैया ना अपनाएं।"

 

 

Similar News