आजादी के 70 साल का जश्न, यहां कुछ ऐसे लहराया तिरंगा

आजादी के 70 साल का जश्न, यहां कुछ ऐसे लहराया तिरंगा

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-17 03:52 GMT
आजादी के 70 साल का जश्न, यहां कुछ ऐसे लहराया तिरंगा

डिजिटल डेस्क,गुवाहाटी। देश ने इस साल आजादी की 71वीं सालगिरह मनाई। दिल्ली में लाल किले से लेकर देशभर तिरंगा लहराया, लेकिन एक जगह ऐसी भी है जहां तिरंगा फहराया तो गया लेकिन वो 70 साल की आजादी और हालात पर कई सवाल खड़े कर गया। आपको भी जान कर हैरानी और दुख होगा कि जहां देश एक तरफ डिजिटल इंडिया के साथ लोग 70 साल की आजादी का जश्न मना रहे थे, वहीं कुछ लोगों को बाढ़ के बीच कमर तक पानी में खड़े होकर तिरंगा फहराना पड़ा।

स्कूल में 2 बच्चों के साथ टीचर्स ने लहराया तिरंगा

हम बात कर रहे हैं नॉर्थ ईस्टर्न राज्य असम के ढुबरी जिले की जहां बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। लेकिन इसके बाद भी यहां के एक स्कूल में दो छात्रों और चार टीचर्स ने कमर तक पानी में खड़े रहकर न सिर्फ तिरंगा लहराया बल्कि राष्ट्रगान भी गाया। असम में पिछले चार हफ्तों से भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति है। यहां पर कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। 

ढुबरी के नस्कारा लोअर प्राइमरी स्कूल में सिर्फ छह लोग ही इकट्ठा हुए और इसके बाद भी देश की आजादी का जश्न मनाया गया। ये स्कूल 13 अगस्त से पानी में डूबा हुआ है। यहां पर स्कूल के प्रिंसिपल ताजेम सिकदर उनके साथी निरपेन राभा, जॉयदेव रॉय और मिजानुर रहमान 15 अगस्त को स्कूल पहुंचे। उनके साथ ही तीसरी कक्षा के छात्र जियारुल अली खान और हैदर अली खान भी स्कूल आए।

मिजानुर रहमान ने बताया कि सोमवार को हुई मीटिंग में हम चार अध्यापकों ने इस कार्यक्रम को आयोजित करने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि हम बाढ़ की वजह से ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। हमने राष्ट्रगान और वंदे मातरम गाया। छोटे बच्चे बहुत देर तक पानी में खड़े नहीं रह सकते थे इसलिए जल्दी ही प्रार्थना को खत्म कर दिया गया।

पानी में तिरंगे को दी सलामी

वहीं बिहार में बाढ़ ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा हैं। लेकिन यहां भी बढ़ का पानी लोगों के हौसलों को झुका नहीं सका। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में अधिकारियों ने बाढ़ के पानी में नाव पर खड़े होकर ध्वजारोहण किया, जबकि कमर भर पानी में देश के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित बिहार के बगहा में जलसैलाब और तबाही के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। यहां पानी से डूबे अनुमंडलीय मैदान में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) धर्मेद्र कुमार ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ तिरंगा फहराया।

असम और बिहार में स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगा फहराने की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
 

Similar News