वसुंधरा राजे ने 30 लाख किसानों का 8500 करोड़ का कर्ज माफ किया

वसुंधरा राजे ने 30 लाख किसानों का 8500 करोड़ का कर्ज माफ किया

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-03 15:29 GMT
वसुंधरा राजे ने 30 लाख किसानों का 8500 करोड़ का कर्ज माफ किया

डिजिटल डेस्क, राजस्थान। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने राज्य के किसानों के कंधे पर से आर्थिक बोझ कम करने का फैसला किया है। गुरुवार को हुए एक कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा राजे ने राज्य में किसानों को 50 हजार रूपए तक का कर्ज माफ कर उन्हें कर्ज माफी प्रमाण पत्र दिए। राजनीतिक विश्लेषकों द्वारा वसुंधरा राजे के इस कदम को अगले साल राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की तैयारी माना जा रहा है।

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में हुए एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किसानों को कर्ज माफी सम्बंधित प्रमाण पत्र वितरित किए। किसानों को दिए गए इन प्रमाण पत्रों में सरकार ने कर्ज में दबे किसानों का 50 हजार तक का लोन माफ कर उन्हें 50 हजार रूपए का नया कर्ज जारी किया।

"प्रधानमंत्री के लक्ष्य की ओर"
कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा राजे ने किसानों के हित से सम्बंधित कई बाते कहीं। उन्होंने इस दिन को ऐतिहासिक बताया। राजे के अनुसार राजस्थान सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के किसानों की आय को दोगुना करने के लक्ष्य की ओर है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है, आज पहली बार राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की हमारी सरकार ने किसान के कर्ज माफी जैसा कदम उठाया है, जिसमे किसानों का 50 हजार तक का कर्ज माफ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के अनुसार इस कर्ज माफी योजना से राज्य में करीब 30 लाख कर्ज में डूबे हुए किसानों को फायदा होगा, जिसमे सरकार द्वारा कुल 8500 करोड़ का लोन माफ किया जाएगा। उन्होंने राजस्थान में कृषि ऋण राहत आयोग बनाने का वादा किया, जिसमे कर्ज में डूबे किसानों की समस्या और उनके दावों को सुना जाएगा। 

Similar News