महाराष्ट्र: फडणवीस सरकार की सर्वदलीय बैठक आज, मराठा आरक्षण पर लिया जाएगा फैसला

महाराष्ट्र: फडणवीस सरकार की सर्वदलीय बैठक आज, मराठा आरक्षण पर लिया जाएगा फैसला

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-28 04:29 GMT
महाराष्ट्र: फडणवीस सरकार की सर्वदलीय बैठक आज, मराठा आरक्षण पर लिया जाएगा फैसला
हाईलाइट
  • आज होगी फडणवीस सरकार की सर्वदलीय बैठक।
  • विधानभवन में दोपहर दो बजे होगी बैठक।
  • सरकार ने दिया मराठा आरक्षण को समर्थन।

डिजिटल डेस्क, महाराष्ट्र। मराठा आरक्षण देने की मांग महाराष्ट्र में लंबे समय से की जा रही है। इसी के चलते बीते कुछ दिनों से मराठा आंदोलन देखा जा रहा है। दिन-ब-दिन उग्र हुए इस मराठा आंदोलन ने महाराष्ट्र की रफ्तार को थाम दिया। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए, कई लोगों की जान चली गई। जिसके बाद आंदोलनकारियों के तेवर देखते हुए महाराष्ट्र की बीजेपी सरकार ने मराठा आरक्षण को समर्थन देने का फैसला किया है। देर रात शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े के बंगले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मराठा नेताओं के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक हुई। इस बैठक के बाद ही समर्थन देने का फैसला किया गया।

आज होगी सर्वदलीय बैठक 

इस मामले को लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने आज दोपहर सभी दलों की बैठक बुलाई है। ये बैठक विधानभवन में दोपहर दो बजे होगी। देर रात हुआ इस बैठक में मुख्यमंत्री फडणवीस समेत, राजस्वमंत्री चंद्रकांत पाटिल, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष राव साहेब दानवे, मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार, बबनराव लोनकर और गृह राज्य मंत्री रंजीत पाटिल भी मौजूद रहे।

 


25 जुलाई को शुरू हुई थी मराठा आंदोलन की आग 

आंदोलनकारियों ने 25 जुलाई को मुबंई, अहमद नगर, नवी मुंबई और ठाणे समेत कई इलाकों में शांतिपूर्ण बंद का आह्वान किया था। लेकिन इस दौरान उन्होंने जमकर हिंसा की। इस दौरान कई गाडियों को आग के हवाले कर दिया, सरकारी बसों में तोड़फोड़ की। हालांकि बंद के दौरान हिंसा बढ़ती देख शाम को मुंबई में बंद के आह्वान को वापस ले लिया गया। लेकिन बाकी जगहों पर पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए कड़ी मश्क्कत करना पड़ी। 

Similar News