मध्य प्रदेश में शाजापुर के बाद राजगढ़ में सांप्रदायिक तनाव, दमोह में धारा 144 लागू 

मध्य प्रदेश में शाजापुर के बाद राजगढ़ में सांप्रदायिक तनाव, दमोह में धारा 144 लागू 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-18 04:22 GMT
मध्य प्रदेश में शाजापुर के बाद राजगढ़ में सांप्रदायिक तनाव, दमोह में धारा 144 लागू 
हाईलाइट
  • दमोह में धारा 144 लागू
  • दो समुदायों के बीच आपसी हिंसा से बिगड़ा माहौल
  • शाजापुर के बाद राजगढ़ जिले में सांप्रदायिक हिंसा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में हुई हिंसा के बाद अब राजगढ़ में भी सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में दो गुटों के बीच मारपीट के बाद तनाव बढ़ गया है। माहौल बिगड़ता देख भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। दमोह जिले में लड़की से छेड़छाड़ के बाद दो गुटों में झड़प हो गई, जिसके बाद धारा 144 लागू की गई है। 
 

 

राजगढ़ में मजार की चादर में लगाई आग
ब्यावरा शहर में कुछ लोगों ने शहर में मौजूद मजार की चादर को आग लगा दी। जिसके बाद शहर में तनाव की स्थिति बन गई। शहर का पूरा बाजार कुछ देर में बंद हो गया और पथराव और आगजनी के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं शुरू हो गई। माहौल बिगड़ता देख शहर में स्थिति को सामान्य बनाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। 
 

 

दमोह में हिंसा की आग 
दामोह भी सांप्रदायिक हिंसा की आग में झुलस रहा है। दो गुटों के बीच ये हिंसा दामोह के फुटेरा इलाके में हुई, पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे की वजह लड़की से छेड़खानी बताई जा रही है। दरअसल शुक्रवार की रात एक समुदाय विशेष की लड़की से दूसरे समुदाय के लड़के ने छेड़छाड़ कर दी थी। जिसके बाद इसका विरोध शुरू हुआ और धीरे-धीरे हालात इतने बेकाबू हो गए कि शहर मे धारा 144 लागू करनी पड़ी। 

 

 

भाजपा करवाती है हिन्दू-मुस्लिम दंगा
मध्यप्रदेश में अचानक फैली सांमप्रदायिक हिंसा को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। झाबुआ के स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से  रूबरू हुए और शनिवार को शाजापुर में हुई घटना पर दुख जताया और कहा कि शाजापुर ऐसी जगह है, जहां हर साल महाराणा प्रताप जयंती पर मुसलमान कई जगह स्वागत करते हैं। शनिवार को भी तीन जगह स्वागत हुए, लेकिन एक जगह तनाव शुरू हो गया। दिग्विजय ने आरोप लगाया कि भाजपा को जब लगता है कि वह चुनाव हारने की स्थिति में है तो दंगों का सहारा लेती है, हिंदू मुस्लिम दंगे करवाती है। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रदेश का माहौल बिगाड़ना चाहती है। 

 

 

Similar News