मिजोरम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए सभी उम्मीदवारों के नाम

मिजोरम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए सभी उम्मीदवारों के नाम

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-25 04:53 GMT
मिजोरम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए सभी उम्मीदवारों के नाम
हाईलाइट
  • राज्य के मुख्यमंत्री ललथनहवला दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे
  • मिजोरम चुनाव के लिए कांग्रेस ने घोषित किए सभी उम्मीदवार
  • मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नवंबर में मिजोरम समेत देश के 4 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सभी दल चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतर चुके हैं। इसी बीच मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार को अपने सभी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राज्य के मुख्यमंत्री ललथनहवला दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा चयनित प्रत्याशियों की सूची पर सीईसी प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने अंतिम मुहर लगाई।

मिजोरम पर भाजपा की नजर
मुख्यमंत्री ललथनहवला चंफई (दक्षिण) और सेरछिप विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले हैं। ये दोनों सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। पूर्वोत्तर में मिजोरम एक मात्र प्रदेश है जहां कांग्रेस की सरकार है। भाजपा मिजोरम में कांग्रेस को सत्ता से हटा कमल खिलाने की पूरी कोशिश कर रही है।

मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा
राज्य में  नामांकन की प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू होगी और नौ नवंबर तक फॉर्म  भरे जा सकेंगे। 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाने हैं। वहीं नतीजों की घोषणा 11 दिसंबर को की जाएगी।

भाजपा ने पादरियों को दिया टिकट
मिजोरम में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पहली सूची में दो पादरियों को भी टिकट दिया है। पार्टी ने रविवार को प्रदेश की 40 में से 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किये थे। भाजपा ने पादरियों को टिकिट देकर इसाई समाज को साधने की कोशिश की है। 
 

Tags:    

Similar News