घोषणाओं का समय खत्म हुआ, अब जनता को हिसाब दो : कमलनाथ

घोषणाओं का समय खत्म हुआ, अब जनता को हिसाब दो : कमलनाथ

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-30 18:17 GMT
घोषणाओं का समय खत्म हुआ, अब जनता को हिसाब दो : कमलनाथ

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। पिछले 14 वर्षों से मध्यप्रदेश की सत्ता में काबिज शिवराज सरकार और 4 वर्षों से केंद्र में सत्तासीन मोदी सरकार ने अपने शासनकाल में केवल झूठी घोषणाएं की हैं। हर वर्ग को बरगलाया है। जनविरोध के बाद भी इनके द्वारा लगातार घोषणाएं की जा रही हैं। जबकि जनता यह कह रही है कि अब घोषणा करने का समय समाप्त हुआ और हिसाब देने का समय आ गया है। सांसद व पूर्व केंद्रीयमंत्री कमलनाथ ने जमुनियाजेठू, छुआ व छिंदा में आयोजित जनसभाओं में उक्त बातें कहीं।

किसानों के साथ अन्याय हुआ
सांसद कमलनाथ ने उमरेठ के ग्राम जमुनियाजेठू में आयोजित सभा में कहा कि किसानों के साथ प्रदेश व केंद्र की सरकारों ने अन्याय किया है। किसानों को धोखा देने वाली भाजपा सरकार ने गांव गांव में किसानों को अपमानित किया है। श्री नाथ ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा आत्महत्या प्रदेश के किसानों ने की है। इस पर भी मुख्यमंत्री स्वयं को किसान का बेटा कहते हैं । यदि मुख्यमंत्री किसान हितैषी होते तो किसान खुशहाल होता।

 

 

महिला अत्याचार में मध्यप्रदेश अव्वल
अमरवाड़ा विधानसभा के ग्राम छुआ में सांसद ने कहा कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि प्रदेश की नारी शक्ति को बहन व बेटियों को भांजी कहने वाले मामा शिवराज के राज में भांजियां सबसे ज्यादा प्रताडि़त हो रही है। गांव, शहर, जिला व प्रदेश में हर दिन होने वाली महिला प्रताडऩा की घटनाओं ने मानवता को शर्मशार कर दिया है। जो लोग महिला प्रताडऩा के सार्वजनिक तौर पर दोषी हंै वह उनकी सरकार में मंत्री है। महिला अत्याचार के आंकड़ों में प्रदेश पूरे देश में अव्वल आ गया है।

सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार मध्यप्रदेश में
क्या आपके खाते में 15 लाख रुपए आए। क्या आपके बेटा बेटी को नौकरी मिली, क्या किसानों को उनकी उपज का भरपूर मूल्य मिला, क्या फसलों की क्षति का पारदर्शिता से आंकलन और मुआवजा मिला। ये ऐसे प्रश्न हैं जिनका भाजपा सरकार के पास जवाब नहीं है और हमें अब इनका हिसाब पूछना है। यह बात कमलनाथ ने हरई के ग्राम छिंदा में आयोजित जनसभा में कही। श्री नाथ ने कहा कि संपूर्ण देश में सर्वाधिक भ्रष्टाचार मध्यप्रदेश में है।

सुख-दुख में शामिल हुए सांसद कमलनाथ
अमरवाड़ा के ग्राम पिंडरईडबीर में कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के महेश धुर्वे की माताजी के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्व. मेहतू पहलवान के निवास पर जाकर उनके परिजनो से भेंट की। रानीकामथ पहुंचकर सालीवाड़ा क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंपालाल कुर्चे की धर्म पत्नि के निधन पर अपनी संवेदनाये व्यक्त की। कमलनाथ हरई विकासखंड के ग्राम बसुरिया में आयोजित जवारे विसर्जन के कार्यक्रम में उपस्थित शामिल हुए।

Similar News