गोवा में कांग्रेस ने किया सरकार बनाने का दावा, राज्यपाल को लिखा पत्र

गोवा में कांग्रेस ने किया सरकार बनाने का दावा, राज्यपाल को लिखा पत्र

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-16 14:13 GMT
गोवा में कांग्रेस ने किया सरकार बनाने का दावा, राज्यपाल को लिखा पत्र

डिजिटल डेस्क, पणजी। बीजेपी विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद कांग्रेस ने गोवा में सरकार बनाने का दावा किया है। कांग्रेस ने शनिवार को राज्यपाल मृदुला सिन्हा को एक पत्र लिखा। इस पत्र में कांग्रेस ने बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन शासन को खारिज करने की मांग की है। इसके साथ ही पत्र में कांग्रेस पार्टी को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने को भी कहा है। पत्र में कहा गया है कि गोवा विधानसभा में बीजेपी की संख्या और घट सकती है।

गोवा कांग्रेस के नेता चंद्रकांत कावलेकर ने राज्यपाल को संबोधित एक पत्र में लिखा, "मनोहर पर्रिकर और बीजेपी ने गोवा में लोगों का विश्वास खो दिया है। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा में भी बहुमत भी खो दिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी चाहती है कि राज्य सरकार को बर्खास्त किया जाए। इसके साथ-साथ इंडियन नेशनल कांग्रेस को सरकार बनाने की इजाजत दी जाए, क्योंकि कांग्रेस अभी भी सदन में सबसे बड़ी पार्टी है।" 

कांग्रेस ने यह भी चेतावनी दी है कि "अगर संवैधानिक जनादेश का उल्लंघन किया जाता है। इसके साथ ही सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को आमंत्रित नहीं कर राष्ट्रपति शासन लगाने का कोई भी प्रयास किया जाता है, तो उसे चैलेंज किया जाएगा। ऐसा कोई भी प्रयास अलोकतांत्रिक और अवैध माना जाएगा।" कांग्रेस पार्टी के इस पत्र से बीजेपी में खलबली मचा दी है। गोवा बीजेपी ने इसके बाद शाम 7.30 बजे अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। 

 

 

 

गौरतलब है कि फरवरी, 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 17 विधायकों के साथ राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हालांकि इसके बाद कांग्रेस के तीन विधायक विश्वजीत राणे, दयानंद सोप्ते और सुभाष शिरोडकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी ने तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। पिछले साल अक्टूबर में भी कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा किया था और एक फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की थी, लेकिन राज्यपाल ने इस अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया था। 

वहीं इस साल फरवरी में बीजेपी विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद से कांग्रेस ने एकबार फिर से इस मुद्दे को उठाया है। कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर और एक अन्य विधायक पांडुरंग मडिक्कर की तबीयत खराब है। ऐसे में बीजेपी बहुमत से बहुत दूर है।

भाजपा के पास 12 फिट विधायक (पर्रिकर और मडिक्कर को बिना शामिल किए) हैं। इसके अलावा गोवा में बीजेपी को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3-3 विधायक और तीन निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन प्राप्त है। जबकि कांग्रेस के पास 14 विधायक हैं। 

Similar News