Howdy Modi : कांग्रेस ने लगाया पीएम मोदी पर ट्रंप का प्रचार करने का आरोप

Howdy Modi : कांग्रेस ने लगाया पीएम मोदी पर ट्रंप का प्रचार करने का आरोप

Bhaskar Hindi
Update: 2019-09-23 09:03 GMT
Howdy Modi : कांग्रेस ने लगाया पीएम मोदी पर ट्रंप का प्रचार करने का आरोप
हाईलाइट
  • कहा - भारत की विदेश नीति का उल्लंघन
  • कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने जताई आपत्ति
  • हाउडी मोदी में पीएम मोदी ने कहा अबकी बार ट्रंप सरकार

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में आयोजित Howdy Modi कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने "अबकी बार ट्रंप सरकार" का नारा दिया। जिसके बाद भारत में राजनीति गरमा गई है। विपक्षी पार्टियां मोदी सरकार पर तीखा प्रहार कर रही हैं। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कई ट्वीट कर पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की विदेश नीति का उल्लंघन किया है।

आनंद शर्मा ने पहला ट्वीट करते हुए लिखा कि, मिस्टर प्राइम मिनिस्टर आपने किसी अन्य देश के चुनावों में हस्तक्षेप करके भारतीय विदेश नीति के सिद्धांत का उल्लंघन किया है। यह भारत के दीर्घकालिक रणनीतिक हितों के लिए ठीक नहीं है। 

 

शर्मा ने दूसरा ट्वीट कर लिखा, संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ हमारे संबंध रिपब्लिकिन और डेमोक्रेट हैं। ट्रंप के लिए आपका यह अभियान भारत और अमेरिका दोनों देशों के लोकतंत्र का उल्लंघन है। 

 


आनंद शर्मा ने तीसरे ट्वीट में भी पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, आपको नहीं भूलना चाहिए कि आप हमारे प्रधानमंत्री के तौर पर अमेरिका गए है, न अमेरिकी चुनाव के स्टार कैम्पेनर के तौर पर। 
 


पूरी दुनिया भारत के साथ

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि हाउडी मोदी कार्यक्रम से दुनिया को संदेश मिल गया है कि यह नया भारत देश की सुरक्षा और एकजुट में कोई कसर नहीं छोड़गा। पीएम मोदी की बदौलत पूरी दुनिया आज आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ी है। 

पाक नेता ने बताया फ्लॉप शो

वहीं पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने हाउडी मोदी कार्यक्रम को फ्लॉप शो बताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि, लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी मोदी जनता का निराशात्मक शो। ये लोग सिर्फ यूएसए, कनाडा और दूसरी जगहों के लोगों को इकट्ठा कर सकते हैं। यह दिखता है कि पैसा सब कुछ नहीं खरीद सकता। 

 

Tags:    

Similar News