सपना चौधरी कांग्रेस में शामिल, हेमा मालिनी के खिलाफ लड़ सकती हैं चुनाव

सपना चौधरी कांग्रेस में शामिल, हेमा मालिनी के खिलाफ लड़ सकती हैं चुनाव

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-23 17:33 GMT
सपना चौधरी कांग्रेस में शामिल, हेमा मालिनी के खिलाफ लड़ सकती हैं चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सभी अफवाहों को दरकिनार करते हुए हरियाणा की मशहूर डांसर और एक्टर सपना चौधरी शनिवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं। 2019 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए उनका कांग्रेस पार्टी में शामिल होना काफी अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक सपना चौधरी भाजपा सांसद और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी के खिलाफ यूपी के मथुरा लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। 

सपना चौधरी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख राज बब्बर के दिल्ली स्थित आवास पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। चौधरी की राजनीति में शामिल होने की खबरें पहली बार जून 2018 में सामने आई थी, जब बीजेपी विधायक अश्विनी कुमार चोपड़ा ने उन्हें "ठुमके लगने वाली" कहा था। इसके साथ ही चोपड़ा ने चौधरी के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने को लेकर मजाक भी उड़ाया था।

इसके बाद अश्विनी चोपड़ा का जवाब देते हुए सपना चौधरी ने कहा था, "अश्विनी जरूर मेरा डांस देख रहे होंगे, इसीलिए उन्होंने ऐसी टिप्पणी की। मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं।" सपना ने कहा था कि कांग्रेस ने उनके सामने कुछ प्रस्ताव रखे हैं। सपना ने कहा, "अगर मुझे कांग्रेस का प्रस्ताव पसंद आता है, तो मैं इसके बारे में सोचूंगी। अभी तक, मैंने कोई निर्णय नहीं लिया है। मैं कांग्रेस कार्यालय गई, क्योंकि उन्होंने मुझे फोन किया था। अगर भाजपा भी मुझे बुलाती है, तो मैं जाऊंगी और उनसे मिलूंगी।"

सपना चौधरी चुनाव के मौसम में कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाली पहली सेलिब्रिटी नहीं हैं। इससे पहले "भाभी जी घर पर हैं" शो की टेलीविजन अभिनेत्री शिल्पा शिंदे भी 5 फरवरी को महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख संजय निरुपम की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुई थीं। बिग बॉस की एक और प्रतियोगी, अर्शी खान, पिछले महीने मुंबई में कुछ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुई थीं।

सपना चौधरी लोकप्रिय हरियाणवी गाना "तेरी आंख्या का यो काजल" से सुर्खियों में आई थीं। वह रियलिटी शो बिग बॉस 11 में भी भाग ले चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड की शुरुआत "वीरे दी वेडिंग" फिल्म के आइटम नंबर "हट जा ताऊ" से की थी। वह अभय देओल अभिनीत नानू की जानू से "तेरे ठुमके सपना चौधरी" और "लव बाइट" नामक गीत में भी दिखीं थीं। 

बता दें कि लोकसभा की 543 सीटों पर 7 चरण में चुनाव होंगे। इसकी शुरुआत 11 अप्रैल को होगी। दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल, तीसरा 23 अप्रैल, चौथा 29 अप्रैल, पांचवा 6 मई, छठा 12 मई और सातवें चरण का मतदान 19 मई को होगा। 23 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News