बिहार में खंभे से बांधकर युवती की पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद 4 गिरफ्तार

बिहार में खंभे से बांधकर युवती की पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद 4 गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-06 09:14 GMT

डिजिटल डेस्क, बगहा। बिहार में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बगहा जिले में एक लड़की को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। बता दें कि लड़की को पीटने का तुगलकी फरमान पंचायत ने दिया था। यह मामला नौरंगिया थाना क्षेत्र का है। इस घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। लड़की के परिजनों की ओर से इस मामले में अब तक कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। 

 

वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार हुए आरोपी

बगहा पुलिस अधीक्षक अरविंद गुप्ता का कहना है कि वीडियो के आधार पर घटना के कुछ घंटों बाद आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना चंपारण जिले के कथैय्या गांव की है। घटना उस समय घटित हुई जब पीड़िता अपनी दोस्त के घर उससे मिलने के लिए गई थी। आरोपी युवकों की पहचान सुरसेन कुमार, हंसराज कुमार, कंवल कुमार और मेघनाथ बारघरिया के रूप में हुई है।  

 

 

न्यूड तस्वीर पोस्ट करने का लगा आरोप

पुलिस अधीक्षक अरविंद गुप्ता ने बताया कि घटना गुरुवार की है लेकिन लड़की को पिलर से बांधकर उसकी पिटाई करने वाली तस्वीरें और वीडियो शुक्रवार को सामने आईं। जिसके तुरंत बाद एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सभी चारों आरोपियों की पहचान करके उसे पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र थारू जनजाति बहुल है। यह लोग किसी मसले को लेकर पुलिस के पास नहीं आते हैं। सदर प्रखंड बाल विकास अधिकारी संजीव कुमार का कहना है कि पीड़िता गुरुवार को अपनी सहेली के घर उससे मिलने के लिए पहुंची थी। जहां उस पर आरोप लगाया गया कि उसने अपनी सहेली की न्यूड तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।

 

शुक्रवार की देर शाम नौरंगिया थानेदार हरेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामला आपसी विवाद से संबंधित है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोप है कि कटैया में मिस्त्री का काम करने वाले की बेटी ने गांव की एक लड़की का फोटो वायरल कर दिया था। जिसके बाद पंचायती भी बुलाई गई। जिसमें युवती को खंभे से बांध कर पीटे जाने का फैसला सुनाया।  

Similar News