गोवा विधानसभा: फ्लोर टेस्ट में जीते सीएम सावंत,पक्ष में 20 वोट मिले

गोवा विधानसभा: फ्लोर टेस्ट में जीते सीएम सावंत,पक्ष में 20 वोट मिले

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-20 03:08 GMT
गोवा विधानसभा: फ्लोर टेस्ट में जीते सीएम सावंत,पक्ष में 20 वोट मिले

डिजिटल डेस्क, पणजी। मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद गोवा के नए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत बुधवार को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट में सफल हो गए। सरकार के पक्ष में 20 और विरोध में 15 विधायकों ने वोट दिया। 

सावंत ने मंगलवार देर रात करीब 1.50 बजे शपथ ग्रहण किया था। इसके कुछ घंटों बाद उन्होंने राज्यपाल मृदुला सिन्हा को पत्र लिखकर विधानसभा में बहुमत साबित करने का दावा किया। इस संबंध में राज्यपाल सिन्हा ने बहुमत साबित करने का मौका देने के लिए बुधवार सुबह 11.30 बजे विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। वहीं गोवा के नए सीएम सावंत ने कहा कि हमारे 21 विधायक है, हम फ्लोर टेस्ट पास कर लेंगे। गठबंधन के साथ हमारे साथ हैं। 
 
गौरतलब है कि गोवा में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने 21 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया है। जिसमें भाजपा के 12 और सहयोगी दल गोवा फॉरवर्ड पार्टी 3, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी 3 और तीन निर्दलीय विधायक शामिल है। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा की संख्या घटकर 36 रह गई है। मनोहर पर्रिकर और भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा का निधन हो गया। वहीं कांग्रेस के दो विधायक सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्ते ने इस्तीफा दे दिया।

माइकल लोबो होंगे अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष
नए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को पोरवोरिम के राज्य सचिवालय में अपना कार्यभार संभाला। पदभार संभालने से पहले सावंत डोना पाउला में दिवंगत मनोहर पर्रिकर के निजी आवास पर गए और पर्रिकर के बेटों से मुलाकात की। विधानसभा उपाध्यक्ष माइकल लोबो सदन में शक्ति परीक्षण कराने के लिए अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष होंगे।

पेशे से डॉक्टर है सावंत
प्रमोद सावंत गोवा में बिचोलिम तालुका के गांव कोटोंबी के रहने वाले हैं। उनका जन्म 24 अप्रैल 1973 को हुआ। पेशे से प्रमोद मेडिकल प्रोफेशनल रहे हैं। उन्होंने आयुर्वेद औषधि में ग्रेजुएशन किया है और सामाजिक कार्य में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। सावंत ने 2008 में राजनीति में कदम रखा था। उनकी पत्नी सुलक्षण सावंत शिक्षिक रही हैं। अब वह भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं।


 

Similar News