झारखंड: 12 मंत्रियों के साथ 27 दिसंबर को हेमंत सोरेन लेंगे CM पद की शपथ !

झारखंड: 12 मंत्रियों के साथ 27 दिसंबर को हेमंत सोरेन लेंगे CM पद की शपथ !

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-24 04:31 GMT
झारखंड: 12 मंत्रियों के साथ 27 दिसंबर को हेमंत सोरेन लेंगे CM पद की शपथ !

डिजिटल डेस्क, रांची। महाराष्ट्र में सत्ता गवाने के बाद अब झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में भी भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। वहीं चुनाव में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के गठबंधन ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इस महागठबंधन को 81 सीटों में से 47 सीटे प्राप्त हुई हैं। हेमंत सोरेन अपने राजनीतिक करियर में दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। जानकारी के मुताबिक हेमंत सोरेन 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि इन मंत्रियों में JMM के 6, RJD का 1 और कांग्रेस की तरफ से 5 मंत्री शामिल रहेंगे। साथ ही कांग्रेस को स्पीकर का पद भी दिया जा सकता है। बता दें कि हेमंत इस चुनाव में अपनी राजनीतिक पार्टी के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए लड़ रहे थे। एग्जिट पोल ने त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान जताया था, लेकिन सोरेन मतदाताओं को झामुमो की तरफ खींचने में कामयाब रहे, खास तौर से जनजातीय क्षेत्र में।

भरोसा नहीं टूटने दूंगा : हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने जनादेश का सम्मान करते हुए सभी मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने झारखंड में किसी की उम्मीद नहीं टूटने का भरोसा देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जिस लिए झारखंड राज्य बना था, उस उद्देश्य को पूरा किया जाए। रांची में पत्रकारों से बातचीत में हेमंत सोरेने ने इस परिणाम को पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के अध्यक्ष शिबू सोरेन के परिश्रम और समर्पण का परिणाम बताया। हेमंत सोरेन ने इस परिणाम के लिए गठबंधन में शामिल राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धन्यवाद दिया।

Tags:    

Similar News