गृहमंत्री शाह ने किए सिद्धि विनायक के दर्शन, गडकरी और फडणवीस ने भी की पूजा

गृहमंत्री शाह ने किए सिद्धि विनायक के दर्शन, गडकरी और फडणवीस ने भी की पूजा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-09-02 07:39 GMT
हाईलाइट
  • गृहमंत्री अमित शाह ने किए सिद्धि विनायक मंदिर के दर्शन
  • दोपहर तीन बजे लालबागचा राजा के दर्शन करके नई दिल्ली लौटेंगे
  • सह्याद्री स्टेट गेस्ट हाउस में करेंगे भाजापा कार्यकर्ताओं से मुलाकात

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देशभर में हर्षोल्लास के साथ गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। श्रद्दालु अपने घरों में भगवान गणेश की स्थापना कर रहे हैं। वहीं गृहमंत्री अमित शाह भी आज (सोमवार) मुंबई स्थिति सिद्धि विनायक मंदिर दर्शन करने के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन करने के साथ ही विशेष पूजा अर्जना कर भगवान का आर्शीवाद लिया।

जानकारी के मुताबिक शाह सिद्दि विनायक मंदिर से सह्याद्री स्टेट गेस्ट हाउस के लिए रवाना हो चुके हैं। यहां वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर तीन बजे लालबागचा राजा के दर्शन करके नई दिल्ली लौटेंगे। 

शाह के अलावा केंद्रीय सड़क एंव परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी नागपुर स्थित अपने आवास पर परिजनों के साथ गणपति बप्पी की पूजा की। गडकरी ने भगवान गणेश से युवाओं के लिए शिक्षा और ज्ञान की कामना की है। सोमवार को गडकरी के रामनगर स्थित बंगले पर गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। पत्नी कंचन गडकरी बेटा निखिल गडकरी और अन्य परिजन की उपस्थिति में गडकरी ने गणेशजी की प्रथम आरती की। बाद में उन्होंने कहा-मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान गणेश भारत को प्रबुद्ध करें, ताकि देश समृद्ध और शक्तिशाली बने। 

 

मुख्यमंत्री को विश्वास, अगले साल भी सरकारी आवास वर्षा में मनाएंगे गणेश उत्सव 

राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी अपने आवास पर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की। विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया है कि वे अगले साल भी अपने सरकारी आवास वर्षा में ही गणेश उत्सव मनाएंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री ने सरकारी आवास वर्षा पर गणेशजी की प्राण प्रतिष्ठापना की। गणेशजी की आरती के बाद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या आप अगले साल भी गणेश उत्सव वर्षा में मनाएंगे तो इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि इसमें आपको कोई शक है। मुख्यमंत्री ने कह कि गणेशजी का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ में है। इसलिए विधानसभा चुनाव के लिए मन्नत मांगने की आवश्यकता नहीं है। मैंने महाराष्ट्र की जनता के सुख और समाधान के लिए प्रार्थना की है। मैंने प्रार्थना की है कि राज्य में जो भी संकट हैं उसका मुकाबला करने की शक्ति मिले। साथ ही बाढ़ प्रभावितों के जीवन में समाधान के लिए काम कर सकूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं गणेशपर्व की तमाम भारतवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। गणेशपर्व हम सभी के लिए खुशियों का पर्व है। पूरी दुनिया में विशेष रूप से जहां पर भी मराठी भाषिक रहते हैं उनके लिए तो यह बहुत ही आनंद का पर्व है। वहीं शिवसेना प्रमुख उद्वव ठाकरे ने भी अपने आवास पर गणपति की स्थापना की है। 

Tags:    

Similar News