ठंड से ठिठुरी दिल्ली, कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई मार्ग प्रभावित

ठंड से ठिठुरी दिल्ली, कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई मार्ग प्रभावित

Manmohan Prajapati
Update: 2019-01-18 04:23 GMT
हाईलाइट
  • कोहरे के कारण कई ट्रेनें हुई लेट
  • तापमान में लगातार गिरावट दर्ज
  • दिल्ली में शीतलहर का बढ़ा प्रकोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई राज्यों को ठंडी हवाओं ने ठिठुराया दिया है। राजधानी दिल्ली में भी शीतलहर का प्रकोप बढ़ता दिखाई दे रहा है, यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि सामान्य से 3 डिग्री कम है। ठंडी के साथ यहां घने कोहरे के कारण ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ है, जो कि अपने समय से लगातार देरी से चल रही हैं।

घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर विमानों का परिचालन बाधित है, विमानों का आगमन एवं प्रस्थान रुका हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में फिलहाल ठंड से राहत की संभावना कम ही है, हालांकि दिन के समय ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। आज अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 4 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। 

बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 20 जनवरी तक पहाड़ों में वेदर सिस्टम के ऐक्टिव होने के बाद ही ठंड से राहत मिलेगी। इस दौरान मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा और पूर्व की तरफ से आने वाली हवाएं नमी और तापमान दोनों को बढ़ाएंगी। ऐसे में दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना भी बनी हुई है। संभावना भी है कि इस बारिश के बाद जनवरी में बारिश की कमी पूरी हो जाएगी। बता दें कि 6 जनवरी को दिल्ली में बारिश हुई थी। 

हवाई और रेल मार्ग प्रभावित
फिलहाल कोहरे के चलते ट्रेनों और उड़ानों पर असर देखा गया है। दिल्ली आने वाली कई उड़ानों की लैंडिंग में देरी हुई है। दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े पांच बजे से 7 बजे तक सभी प्रस्थान वाली उड़ानों को रोका गया था। वहीं एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को डायवर्ट भी किया गया है। भारतीय रेलवे पर इसका असर दिखाई दिया, यहां करीब 10 ट्रेनें अपने समय से लेट रहीं। इसके अलावा दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार लोधी रोड इलाके में पीएम 2.5 का स्तर 500 और PM 10 का स्तर 484 तक पहुंच गया।  

बर्फबारी का असर
बता दें कि पिछले सप्ताह जम्मू कश्मीर, उत्तराखण्ड और हिमाचल प्रदेश में जबरदस्त बर्फबारी के चलते देशभर के विभिन्न राज्यों में इसका असर देखने को मिला था। हाल ही में मौसम विभाग ने 19 से 23 जनवरी के बीच जम्मू कश्मीर में बर्फबारी की अलर्ट जारी किया है। वहीं उच्च हिमालयी चोटियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। ऐसे में ठंड बढ़ने की संभावना दिखाई दे रही है। 

Similar News