SCO Meet: शंघाई सहयोग संगठन की मेजबानी करेगा भारत, पाक PM इमरान खान आएंगे भारत !

SCO Meet: शंघाई सहयोग संगठन की मेजबानी करेगा भारत, पाक PM इमरान खान आएंगे भारत !

Bhaskar Hindi
Update: 2020-01-15 04:06 GMT
हाईलाइट
  • प्रोटोकॉल अनुसार निमंत्रण पाकिस्तान प्रधानमंत्री को दिया जाएगा
  • भारत और पाकिस्तान 2017 में एससीओ के पूर्ण सदस्य बने थे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत इस साल शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की वार्षिक मेजबानी कर रहा है। भारत एससीओ की वार्षिक बैठक में पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान को भी आमंत्रित करेगा। हालांकि पीएम इमरान बैठक में भाग लेंगे या नहीं इसके बारे में अंतिम निर्णय इस्लामाबाद लेगा। बता दें साल के अंततक एससीओ की बैठक आयोजित की जाएगी। भारत और पाकिस्तान दोनों साल 2017 में शंघाई सहयोग संगठन के पूर्ण सदस्य बने थे। 

एक अधिकारी ने बताया कि प्रोटोकॉल और सम्मेलन के अनुसार निमंत्रण पाकिस्तान प्रधानमंत्री को दिया जाएगा। यह पाक पर निर्भर है कि प्रधानमंत्री या कोई अन्य प्रतिनिधि बैठक में शामिल होता है या नहीं। भारत पहली बार एससीओ के सरकार प्रमुखों की परिषद की वार्षिक बैठक का आयोजित कर रहा है। वहीं इस समूह के महसचिव व्लादिमीर नोरोव भारत में हैं। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से बातचीत की। 

नोरोव ने कहा कि सभी एससीओ सदस्य इस बात से खुश हैं कि भारत इस साल बैठक की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण देश है और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की बहुत संभावना है। नोरोव ने कहा, इस आयोजन से पहले भारत में कई बैठकें आयोजित होगी, जिनमें आर्थिक गतिविधियों के एससीओ मंत्रियों की बैठक भी शामिल है। 

बता दें शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना 2001 में रूस, चीन, किर्गिजस्तान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों द्वारा की गई थी। 
 

Tags:    

Similar News