झारखंड: बोकारो में आजसू नेता ने दो साथियों को मारी गोली, एक की मौत

झारखंड: बोकारो में आजसू नेता ने दो साथियों को मारी गोली, एक की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-15 07:24 GMT
झारखंड: बोकारो में आजसू नेता ने दो साथियों को मारी गोली, एक की मौत

डिजिटल डेस्क, बोकारो। आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) नेता सह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अजय सिंह ने अवैध संबंधों के शक में अपने दो साथियों के साथ मिलकर दो लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि एक जख्मी है। बुधवार की रात घटी यह घटना हरला थाना क्षेत्र की है। घटना को अंजाम देने के बाद अजय सिंह और उसके साथी फरार हैं। सूचना पर  पहुंची पुलिस ने आरोपी की पत्नी से पूछताछ की है। आरोपी के घर से कई अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। बताते चलें कि अजय सिंह ने 2014 में आजसू के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा है।

 

(आरोपी अजय सिंह की पत्नी  एंजेला सिंह )

 

आरोपी की पत्नी हिरासत में

बता दें कि इस घटना में सुनील गुप्ता नामक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरे व्यक्ति अमरेश का बीजीएच में इलाज जारी है। पुलिस ने अजय की पत्नी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सह कोच एंजेला सिंह को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेक्टर 9 ए रोड स्ट्रीट 4 पर अमरेश और सुनील से किसी बात को लेकर अजय सिंह की बहस हुई थी। इसके बाद ही अजय ने कुछ लोगों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी। सुनील और अमरेश दोनों को गोली लगी और वे घटनास्थल पर गिर गए।

 

 

(आरोपी अजय सिंह)

 

आरोपी साथियों समेत फरार

इसी बीच अजय अपने दोनों साथियों के साथ फरार हो गया। मृतक सुनील गुप्ता सेक्टर 9 के नवनाथ मंदिर क्षेत्र और अमरेश 9 ए स्ट्रीट 4 का निवासी है। अजय सिंह अपराधी आनंद का भाई है, जिसकी एक पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि यह पूरा मामला जमीन या फिर किसी महिला को लेकर आपस में दोस्तों के बीच हुई बहस का नतीजा है। पुलिस के अनुसार घटना को रंजिश में अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस घायल अमरेश के होश में आने का इंतजार कर रही है। 

Similar News