झारखंड चुनाव: हाल्टनगंज में बोले पीएम मोदी- यहां पिछले दरवाजे से बनती और बिगाड़ी जाती थीं सरकारें

झारखंड चुनाव: हाल्टनगंज में बोले पीएम मोदी- यहां पिछले दरवाजे से बनती और बिगाड़ी जाती थीं सरकारें

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-25 02:07 GMT

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपना बिगुल फूंक दिया है। भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने 21 नवंबर को मनिका और लोहरदगा में उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाया था। वहीं आज(सोमवार) प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने हाल्टनगंज में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "झारखंड की धरती और उसमे भी पलामू भाजपा के लिए एक मजबूत किला रहा है।  आज अगर पूरे भारत में कमल शान से खिला है तो इसमें बहुत बड़ी भूमिका यहां की जनता, बीजेपी कार्यकर्ता और आप सबका आशीर्वाद की है।"

उन्होंने कहा कि भाजपा की अगवाई में एक स्थिर और मजबूत सरकार का दोबारा बनना यहां बहुत जरूरी है, क्योंकि झारखंड युवावस्था में है। अभी राज्य को जो दिशा मिलेगी, उसका झारखंड के भविष्य पर बहुत प्रभाव पड़ेगा। मोदी ने कहा, भाजपा ने झारखंड को स्थिर सरकार दी है। भाजपा ने राज्य में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन रात काम किया और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। 

पीएम मोदी ने कहा, "बीजेपी ने झारखंड को नक्सलवाद और अपराध से मुक्ति दिलाने और भयमुक्त वातावरण के लिए प्रयास किया है। यहां सरकारें पिछले दरवाजे से बनती और बिगाड़ी जाती थीं, क्योंकि उनके मूल में स्वार्थ और भ्रष्टाचार होता था।" उन्होंने कहा कि इन स्वार्थी लोगों में झारखंड की सेवा करने के लिए कोई भावना नहीं है। इसलिए ये आपको भ्रमित कर वोट मांग रहे हैं। 

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार के ईमानदार प्रयासों से ही झारखंड के गांव-गांव में सड़कें और बिजली पहुंच रही है। यहां रोजगार के नए साधन तैयार हो रहे हैं। राज्य से जो बॉक्ससाइट निकल रहा है, उसका बड़ा हिस्सा यहीं के विकास में लगे इसका प्रावधान बीजेपी सरकार ने किया है। 

मोदी ने कांग्रेस पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम की जन्मभूमि, अयोध्या का विवाद दशकों से लटकाया हुआ था। कांग्रेस अगर चाहती तो उसका समाधान निकाल सकती थी। कांग्रेस ने अपने वोटबैंक के लिए ऐसा किया नहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी कोई संकल्प लेती है तो उसे सिद्ध करती है। 

 

 

Tags:    

Similar News