MP कांग्रेस की कमान संभालने के बाद बोले कमलनाथ- इस बार बदलाव तय है

MP कांग्रेस की कमान संभालने के बाद बोले कमलनाथ- इस बार बदलाव तय है

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-01 07:28 GMT
MP कांग्रेस की कमान संभालने के बाद बोले कमलनाथ- इस बार बदलाव तय है

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और 9 बार के सांसद कमलनाथ ने 1 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके साथ ही सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष का और बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू पटवारी और सुरेंद्र चौधरी ने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर आयोजित इस पदभार ग्रहण सभा में पद सम्भालने के बाद नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उनके साथ तमाम कांग्रेस नेताओं ने भी राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखे हमले किए। बता दें कि पदभार संभालने से पहले कमलनाथ और सिंधिया समेत प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने भोपाल में एक दमदार रोड शो भी किया।

 


भाजपा हटाओ और प्रदेश बचाओ : कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद सम्भालने के बाद कमलनाथ ने कहा कि अच्छे दिन तो देश में सिर्फ भाजपा नेताओं के आए हैं, बाकी प्रदेश में आज समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा, "प्रदेश की जनता अब भाजपा से मुक्ति चाहती है। जनता भाजपा हटाओ और प्रदेश बचाओ की मांग कर रही है। राज्य में बदलाव की हवा चल रही है और इस बार ये बदलाव तय है।" 

प्रदेश में किसानों की स्थिति पर भी कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर आक्रामक बयानबाजी की। उन्होंने कहा, "सरकार एक और तो राज्य को कृषि कर्मण पुरस्कार दिलवा रही है लेकिन दूसरी ओर प्रदेश में किसान आत्महत्या कर रहा है।" उन्होंने कहा,  "शिवराज सिंह को लगता है कि जनता के लिए काम न करने के बावजूद वो फिर से सरकार बना लेंगे, उन्हें प्रदेश की जनता का बिल्कुल भी भय नहीं है।" इस दौरान कमलनाथ ने गांव-गांव जाकर पार्टी और संगठन को मजबूत करने की बात कही है।

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभाग ग्रहण समारोह से पहले हुए रोड शो में जमकर जनसैलाब उमड़ा। रोड शो भोज एयरपोर्ट से कांग्रेस कार्यालय तक करीब 15 किमी तक चला। इस रोड शो में हजारों कार्यकर्ता कमलनाथ और सिंधिया के साथ चले। इस दौरान दोनों नेताओं का जगह-जगह स्वागत किया गया। कमलनाथ और सिंधिया समेत सभी बड़ी नेताओं ने खुली जीप पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
 



पद ग्रहण के बाद किसने क्या कहा :

बीजेपी सरकार के चौदह सालों में जनता बेहाल :ज्योतिरादिय सिंधिया 
प्रदेश में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष का पद सम्भालने वाले सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित करते हुये कहा, प्रदेश में भाजपा के पिछले चौदह सालों में जनता बेहाल हो गई है। समाज के हर वर्ग को उसका सम्मान कांग्रेस दिलायेगी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद ग्रहण करने पर कमलनाथ को बधाई देते हुए कहा कि कमलनाथ जी सबके साथ मिलकर नया एमपी बनाएंगे।

कमलनाथ कुशासन से मुक्ति दिलायेंगे : अजय सिंह
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, 1980 में इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की वापसी में कमलनाथ ने बड़ी भूमिका निभाई। इस बार भी वे बड़ी भूमिका निभाएंगे। कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के हर वर्ग को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।

बहुत मेहनत करना होगी : दिग्विजय सिंह
पीसीसी के मंच पर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मीडिया से कहा कि वर्ष 2018 के विधानसभा आम चुनाव में कांग्रेस को बहुमत में लाने के लिये सभी पार्टीजनों को मेहनत करना होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कमलनाथ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है और अब उन्हें ही पार्टी को देखना है।

मैं कार्यकर्ता हूं, कार्यकर्ता ही रहूंगा : अरुण यादव
मंच पर पहुंचे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने मीडिया से कहा कि नई जिम्मेदारी के बारे में पार्टी हाईकमान तय करेगा लेकिन वे कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ता ही रहेंगे।

2 मई के कार्यक्रम
2 मई सुबह 11.15 बजे कमलनाथ भोपाल के लाल घाटी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। दर्शन के बाद कमलनाथ सीधे उज्जैन के लिए रवाना हो जाएंगे। वे दोपहर 2 बजे उज्जैन के महांकाल मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वहीं से वे दोपहर 2.30 बजे दतिया के लिए रवाना होंगे। यहां 4.30 बजे वे पीतांबरा पीठ के दर्शन करेंगे।

Similar News