कर्नाटक उपचुनाव : भाजपा ने बेल्लारी की सीट गंवाई, कर्नाटक में लगा बड़ा झटका

कर्नाटक उपचुनाव : भाजपा ने बेल्लारी की सीट गंवाई, कर्नाटक में लगा बड़ा झटका

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-06 04:06 GMT
कर्नाटक उपचुनाव : भाजपा ने बेल्लारी की सीट गंवाई, कर्नाटक में लगा बड़ा झटका
हाईलाइट
  • 5 में से गठबंधन ने 4 सीटें जीतीं
  • बीजेपी के हाथ लगी एक सीट
  • कर्नाटक की 3 लोकसभा और 2 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे घोषित
  • कांग्रेस और जेडी (एस) गठबंधन ने बीजेपी को दी करारी शिकस्त

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के परिणाम आज घोषित कर दिए गए हैं। कर्नाटक उपचुनाव में कांग्रेस-जेडीएस का पलड़ा भारी रहा। तो वहीं, बीजेपी एक ही सीट बरकरार रखने में कामयाब हो पाई है। कर्नाटक उपचुनाव में लोकसभा सीटें, शिवमोग्गा (शिमोगा), बेल्लारी और मंड्या की थीं और विधानसभा सीटों के उपचुनाव जमखंडी और रामानगर में हुए। लोकसभा की तीन सीटों में से दो सीटें कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन को मिली हैं। वहीं बीजेपी के हाथ एक ही सीट शिमोगा लग पाई है। इसके अलावा दोनों विधानसभा सीटें कांग्रेस और जेडीएस के खाते में गई हैं। 

इससे पहले लोकसभा की तीन सीटों में से 2 पर बीजेपी का कब्जा था, तो वहीं एक सीट पर जेडीएस की जीत हुई थी। कर्नाटक की तीन लोकसभा सीटों शिमोगा, बेल्लारी (अजजा) व मांड्या तथा दो विधानसभा सीटों रामनगरम व जामखंडी पर शनिवार को औसतन 67 प्रतिशत मतदान हुआ था। इनमें से बेल्लारी (अजजा) सीट पर 63.85 फीसदी, मांड्या में 53.93 फीसदी, शिमोगा में 61.05 फीसदी, रामनगरम में 81.58 फीसदी तथा जामखंडी सीट पर 73.71 फीसदी मतदान दर्ज हुआ था। 

शिमोगा लोकसभा सीट से कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के पुत्र बीवाई राघवेंद्र चुनाव लड़ रहे थे, जबकि रामनगरम विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी अनिता कुमारस्वामी चुनावी दंगल में अपनी किस्मत आज़मा रही थीं। तीन लोकसभा सीटों पर 17 तथा दो विधानसभा सीटों पर 14 प्रत्याशी चुनावी दंगल के मैदान में उतरे थे, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से राज्य में सत्तासीन कांग्रेस-JDS गठबंधन तथा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच था। 

साल 2014 में बीजेपी ने कर्नाटक की 28 सीटों में से 17 सीटों पर बीजेपी का परचम लहराया था। वहीं कांग्रेस केवल 9 सीटें हासिल करने में सफल हो पाई थी। वहीं कुमारस्वामी की जेडीएस को 2 सीटें मिली थीं। इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 224 में से 104 सीटें पर विजय प्राप्त की थी। 
 

 

Similar News