लोकसभा चुनाव: 90 करोड़ मतदाता तय करेंगे 543 सीटों पर प्रत्याशियों का भविष्य

लोकसभा चुनाव: 90 करोड़ मतदाता तय करेंगे 543 सीटों पर प्रत्याशियों का भविष्य

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-10 16:59 GMT
लोकसभा चुनाव: 90 करोड़ मतदाता तय करेंगे 543 सीटों पर प्रत्याशियों का भविष्य

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने रविवार को 17वें लोकसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है। इस बार भारत के 90 करोड़ मतदाता देश की 543 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगे। इस चुनाव में वो नए मतदाता भी भाग ले सकेंगे, जो इस सदी में ही पैदा हुए हैं। दरअसल, जिन लोगों का जन्म 1 जनवरी 2000 या उसके बाद हुआ है।

आपको बता दें कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में 553,801,801 मतदाताओं ने मतदान किया था, जो तत्कालीन कुल मतदाताओं 834,101,497 के 66.4 प्रतिशत थे। चुनाव आयोग के मुताबिक देश में 89.7 करोड़ रजिस्टर्ड मतदाता हैं। इनमें 46.5 करोड़ पुरुष और 43.2 करोड़ महिलाएं हैं, जबकि 33,109 मतदाता थर्ड जेंडर के रूप में शामिल हैं। करीब 16.6 लाख लोग सर्विस वोटर के रूप में भी शामिल हैं।

इससे पहले रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने लोकसभा चुनाव 2019 की तारीखों को ऐलान किया था। अरोड़ा ने विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में इसका ऐलान किया। लोकसभा की 543 सीटों पर 7 चरण में चुनाव होंगे। इसकी शुरुआत 11 अप्रैल को होगी। दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल, तीसरा 23 अप्रैल, चौथा 29 अप्रैल, पांचवा 6 मई, छठा 12 मई और सातवें चरण का मतदान 19 मई को होगा। 23 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। तारीखों के ऐलान के साथ ही पूरे देश में आचार संहिता लागू हो गई है। लोकसभा चुनाव के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में विधानसभा चुनाव होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों पर चुनाव होंगे। तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 सीटों पर वोटिंग होगी। पांचवे चरण में 7 राज्यों की 51 सीटों पर चुनाव होंगे। छठे चरण में 7 राज्यों की 59 सीटों पर चुनाव होंगे। सातवें चरण में 8 राज्यों की 59 सीटों पर चुनाव होंगे।

 

 

 

Similar News