RBI गवर्नर के दर्जे से बड़ा है वित्त मंत्री का दर्जा - मनमोहन सिंह

RBI गवर्नर के दर्जे से बड़ा है वित्त मंत्री का दर्जा - मनमोहन सिंह

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-07 07:12 GMT
RBI गवर्नर के दर्जे से बड़ा है वित्त मंत्री का दर्जा - मनमोहन सिंह
हाईलाइट
  • इस सवाल का जवाब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान में है जिसका जिक्र इन दिनों खूब हो रहा है।
  • मनमोहन सिंह ने कहा था वित्त मंत्री का दर्जा हमेशा ही रिजर्व बैंक के गवर्नर से ऊपर होता है।
  • रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर बड़े हैं या फिर वित्त मंत्री?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर बड़े हैं या फिर वित्त मंत्री? ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि इन दिनों RBI गवर्नर और वित्त मंत्री के बीच खींचतान की खबरें आ रही है। इस सवाल का जवाब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान में है जिसका जिक्र इन दिनों खूब हो रहा है। मनमोहन सिंह ने उनकी बेटी दमन सिंह की किताब "स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन गुरुशरण" में कहा था कि वित्त मंत्री का दर्जा हमेशा ही रिजर्व बैंक के गवर्नर से ऊपर होता है। बता दें कि मनमोहन सिंह आरबीआई के गवर्नर भी रह चुके हैं।

मनमोहन सिंह ने कहा था कि सरकार के सामने RBI गवर्नर तभी अड़ सकता है जब वह नौकरी छोड़ने का मने बना ले। मनमोहन सिंह कहते है "यह हमेशा ही गिव ऐंड टेक वाला रिश्ता रहता है और मुझे कोई भी फैसला लेने से पहले सरकार को विश्वास में लेना होता था। रिजर्व बैंक का गर्वनर वित्त मंत्री से ऊपर नहीं हो सकता है। वित्त मंत्री के आदेश को रिजर्व बैंक का गर्वनर टाल नहीं सकता। यदि गर्वनर का मन नौकरी गंवाने का हो, तो वह ऐसा कर सकता है।"

इस किताब में मनमोहन सिंह ने RBI गवर्नर रहते हुए इंदिरा गांदी सरकार के साथ हुई अनबन का भी जिक्र किया है। मनमोहन सिंह कहते हैं "ऐसी परिस्थिति पैदा हो गई थी, जिससे मेरा सरकार के साथ टकराव हो गया था। मैंने आरबीआई का नजरिया बताया, लेकिन यह भी कहा कि सरकार कभी भी इसे खारिज कर सकती है। वह एक सरकारी योजना थी। आखिरकार, यह सरकार ने RBI को निर्देश दिया और अनबन खत्म हो गई।"

बता दें कि केंद्र सरकार और RBI के बीच घमासान खुलकर सामने आ चुका है। पहले भी सरकार और केंद्रीय बैंक के बीच तनातनी होती रही है, लेकिन बयानबाज़ी इतनी खुलकर सामने नहीं आती थी। RBI के डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य के भाषण के बाद यह तनाव सतह पर आया। उन्होंने बीते हफ्ते कहा था कि केंद्रीय बैंक टेस्ट मैच खेल रहा है और सरकार टी-20। विरल आचार्य ने यह भी कहा था कि केंद्रीय बैंक की स्वायत्तता में दखल के परिणाम विनाशकारी हो सकते हैं। 

 

Similar News