मायावती में नारी मर्यादा नहीं, जिसने बेइज्जत किया, उसी से हाथ मिला लिया : बीजेपी नेता

मायावती में नारी मर्यादा नहीं, जिसने बेइज्जत किया, उसी से हाथ मिला लिया : बीजेपी नेता

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-31 12:44 GMT
मायावती में नारी मर्यादा नहीं, जिसने बेइज्जत किया, उसी से हाथ मिला लिया : बीजेपी नेता
हाईलाइट
  • कहा - मायावती में नहीं है स्वाभिमान।
  • विधायक सुरेंद्र सिंह ने फिर एक बार अपने बयान से मीडिया सुर्खियां बटोरी हैं।
  • सुरेंद्र सिंह ने बसपा - सपा का गठबंधन होने के बाद मायावती पर सवाल उठाए हैं।

डिजिटल डेस्क, बलिया। भारतीय जनता पार्टी के बयानवीर कहे जाने वाले विधायक सुरेंद्र सिंह ने फिर एक बार अपने बयान से मीडिया सुर्खियां बटोरी हैं। इस बार सुरेंद्र सिंह ने सपा और बसपा गठबंधन को लेकर मायावती पर तंज कसा है। सिंह ने कहा कि मायावती ने स्त्री की मर्यादा का अपमान किया है, उन्होंने केवल अपने फायदे के लिए सपा से हाथ मिलाया है। गौरतलब है कि सुरेंद्र सिंह अपने बेतुके बयानों के लिए ही जाने जाते हैं। इससे पहले सिंह ने राहुल गांधी को रावण और प्रियंका गांधी को शूर्पणखा बताया था।

बसपा - सपा गठबंधन का किया विरोध
विधायक सुरेंद्र सिंह ने बसपा - सपा का गठबंधन होने के बाद मायावती पर सवाल उठा दिए। सिंह ने कहा कि जिन्होंने उनकी इज्जत को मिट्टी में मिला दिया, माया ने उन्हीं से हाथ मिलाकर यह सभी को बता दिया कि उनमें कोई प्रतिष्ठा और स्वाभिमान नहीं है। सिंह के मुताबिक मायावती को किसी के बोलने का कोई फर्क नहीं पड़ता, उन्हें केवल पद और फायदा ही चाहिए। विधायक ने कहा कि जिन लोगों ने उनको बेइज्जत किया, माया ने उन्हीं से हाथ मिलाकर नारी मर्यादा का अपमान किया है।

पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
उत्तर प्रदेश की रोहानिया सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह अपने विवादित बयानों के लिए ही जाने जाते हैं। सुरेंद्र सिंह ने इससे पहले राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी को शूर्पणखा कह दिया था। सिंह ने कहा था कि 2019 के चुनाव में राहुल गांधी रावण हैं और नरेंद्र मोदी राम, राहुल ने चुनावी युद्ध में अपनी बहन प्रियंका गांधी को शूर्पणखा बना कर भेजा है।

Similar News