बदसलूकी: CAA के समर्थन में भाजपा की रैली, महिला डिप्टी कलेक्टर के बाल खींचे

बदसलूकी: CAA के समर्थन में भाजपा की रैली, महिला डिप्टी कलेक्टर के बाल खींचे

Bhaskar Hindi
Update: 2020-01-19 13:37 GMT
हाईलाइट
  • राजगढ़ में CAA के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान हुई घटना
  • शिवराज सिंह ने पूछा- क्या थप्पड़ मारने का आदेश मिला था

डिजिटल डेस्क, राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ में डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। रविवार को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी ने रैली निकाली थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और डिप्टी कलेक्टर के बीच कहा सुनी हो गई। इतना ही नहीं डिप्टी कलेक्टर ने कुछ प्रदर्शनकारियों को थप्पड़ भी मारे। इसके बाद एक प्रदर्शनकारी ने बदसलूखी करते हुए डीप्टी कलेक्टर की चोटी खींच दी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

भाजपा के पूर्व विधायक ने की SDM से बदतमीजी
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक अमर सिंह यादव ने एडीएम से बदतमीजी की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पूर्व विधायक पर इससे पहले भी शासकीय अधिकारियों के साथ अभद्रता करने और धमकी देने जैसे आरोप लग चुके हैं। साल 2017 में अमर सिंह की धमकियों से डरकर शासकीय अस्पताल के सीएमएचओ ने त्याग पत्र दे दिया था। प्रदर्शन के नरसिंहगढ़ पूर्व विधायक मोहन शर्मा भी मौजूद थे।

धारा 144 लागू होने के बावजूद प्रदर्शन
बता दें कि राजगढ़ जिले की ब्यावरा तहसील और नरसिंहगढ़ तहसील में धारा 144 लागू है। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने न​रसिंहगढ़, ब्यावरा और राजगढ़ तहसील क्षेत्रों में नागरिकता कानून के समर्थन में रैली निकाली और प्रदर्शन किया।

क्या डिप्टी कलेक्टर को पीटने का आदेश मिला था?
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि "आज का दिन लोकतंत्र के सबसे काले दिनों में गिना जाएगा। आज राजगढ़ में डिप्टी कलेक्टर ने जिस बेशर्मी से CAA के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को लताड़ा, घसीटा और चांटे मारे, उसकी निंदा मैं शब्दों में नहीं कर सकता। क्या उन्हें प्रदर्शनकारियों को पीटने का आदेश मिला था?

CAA का विरोध कर रही है मप्र सरकार
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार साफ कर चुकी है कि वह इस कानून का विरोध करेगी। CAA विरोध में मप्र सीएम कमलनाथ और सरकार के सभी मंत्री व कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च भी निकाल चुके हैं।

Tags:    

Similar News