मिजोरम विधानसभा चुनाव : वोटिंग परसेंट गिरा, 79 फीसदी वोटर्स ने डाले वोट

मिजोरम विधानसभा चुनाव : वोटिंग परसेंट गिरा, 79 फीसदी वोटर्स ने डाले वोट

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-28 02:11 GMT
मिजोरम विधानसभा चुनाव : वोटिंग परसेंट गिरा, 79 फीसदी वोटर्स ने डाले वोट
हाईलाइट
  • 79 फीसदी वोटर्स ने किया मतदान
  • पिछली बार से 4 फीसदी कम
  • मिजोरम में 40 विधान सभा सीटों पर मतदान संपन्न

डिजिटल डेस्क, आइजोल। मिजोरम में विधानसभा चुनावों के लिए बुधवार को हुए मतदान में पिछली बार की तुलना में भारी गिरावट आई है। यहां इस बार महज 79% वोटिंग दर्ज हुई है। हालांकि चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि अभी कुछ दूरस्थ क्षेत्रों से वोटिंग के आंकड़े आना बाकी है। सभी जगहों से आंकड़ें आने के बाद कुल वोट प्रतिशत 80% के पार जा सकता है। हालांकि फिर भी पिछली बार की तुलना में यह बेहद ही कम रहेगा। 2013 विधानसभा चुनाव में मिजोरम में 83.41 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

त्रिपुरा के शरणार्थी शिविरों में रह रहे  मिजोरम के "ब्रू" शरणार्थियों के लिए भी स्पेशल बूथ बनाए गए थे। 11,987 ब्रू शरणार्थी वोटरों में से 56.46 % ने वोट किए हैं। ये वे शरणार्थी हैं, जो 21 साल पहले मिजोरम में हुए दंगों के बाद से त्रिपुरा में शरण लिए हुए हैं। 6 शरणार्थी शिवरों में रह रहे इन लोगों के लिए 15 स्पेशल बूथ की व्यवस्था की गई थी।

बता दें कि इस बार मिजोरम की 40 सीटों के लिए 8 पार्टियों के 209 कैंडिडेट आमने-सामने हैं। इनमें कांग्रेस 40 सीट, मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) 40, बीजेपी 39, नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) 9 और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) 5 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। मिजोरम चुनाव में महिला प्रत्याशियों की संख्या 15 है।
 

ऐसा रहा दिनभर का हाल :

  • देर रात चुनाव आयोग अधिकारियों के हवाले से आ रही मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 79% वोटिंग दर्ज हुई है।
  • मिजोरम में शाम 5 बजे तक 75 फीसदी मतदाताओं ने डाले वोट
  • मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे मतदान में तेजी देखने को मिल रही है। पहले चार घंटों में 7.68 लाख मतदाताओं में से करीब 29 फीसदी मतदाताओं ने मतदान कर दिया है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ देखी जा रही है।
  • मिजोरम में सुबह 11.30 बजे तक 29 फीसदी मतदान 
  • मिजोरम में सुबह 9 बजे तक हुआ 15 फीसदी मतदान 
  • मिजोरम में मतदान केन्द्रों के बाहर वोट डालने के लिए पहुंचे मतदाता 
  • मिजोरम विधानसभा की 40 सीटों पर मतदान शुरू 

नॉर्थईस्ट में मिजोरम एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां कांग्रेस सत्ता में है। मिजोरम में 7,70,395 रजिस्टर्ड वोटर हैं। इनमें 3.93 लाख महिला और 3.74 लाख पुरुष वोटर हैं। यह वोटर राज्य के 1,164 मतदान केंद्रों पर अपना वोट डालेंगे। वहीं त्रिपुरा में शिविरों से आने वाले "ब्रू" शरणार्थियों के लिए भी 15 स्पेशल बूथ बनाए गए हैं। ब्रू जनजाति के करीब 32 हजार लोग 1997-98 से कैंप में रह रहे हैं। इनमें से 11 हजार रजिस्टर्ड वोटर हैं।

यहां पुलिस ने किसी भी गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए 84 फ्लाइंग स्क्वॉड, 39 डायनामिक चेक पोस्ट, 80 स्टैटिक सर्वेलेंस टीम और 80 क्विक रिस्पोन्स टीमों का गठन किया है। वहीं राज्य में 50 से अधिक डीएसपी और एसपी रैंक के पुलिस अधिकारी हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था को देख रहे हैं। मिजोरम में 38 पुलिस स्टेशन हैं और वोटरों की निगरानी के लिए पांच नए चौकी बनाई गई हैं। इसके अलावा सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF), BSF, SSB, CRPF के जवान भी मौजूद रहेंगे।

Tags:    

Similar News