अरुणाचल प्रदेश : रेप के आरोपियों को भीड़ ने थाने से निकालकर जिंदा जलाया

अरुणाचल प्रदेश : रेप के आरोपियों को भीड़ ने थाने से निकालकर जिंदा जलाया

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-20 04:07 GMT
अरुणाचल प्रदेश : रेप के आरोपियों को भीड़ ने थाने से निकालकर जिंदा जलाया

डिजिटल डेस्क, ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। लोहित जिले के तेजु में बच्ची से दुष्कर्म और मर्डर के आरोपियों को भीड़ ने पुलिस थाने से निकालकर पीटा और जिंदा जला डाला। भीड़ ने कानून हाथों में लेते हुए गुनहगारों को खुद ही सजा सुना डाली। आरोपियों की पहचान संजय सबर (30) और जगदीश लोहार (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी अरुणाचल प्रदेश के चाय बागानों में काम करने आए थे। घटना के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल है, इसके साथ ही धारा 144 लगा दी गई है।

 
असम से गिरफ्तार हुए थे आरोपी

 

घटना के संबंध में आईजी नवीन पायेंग ने बताया कि, "12 फरवरी को एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई थी। बच्ची का सिर धड़ से अलग था, उसका शव उसी चाय बागान में मिला था, जहां ये दोनों आरोपी काम करते थे। बच्ची के शरीर पर कपड़े तक नहीं थे। शव मिलने के बाद से दोनों आरोपी फरार थे। जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों आरोपियों को असम से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा था। पुलिस के सामने दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया था।

 

भीड़ ने चौराहे पर लाकर जिंदा जलाया

 

जानकारी के अनुसार, दोनों को तेजू थाने में रखा गया था, इस बीच आरोपियों के गिरफ्तारी की खबर लोगों के बीच आग की तरह फैली। देखते ही देखते थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई। गुस्साई भीड़ ने पहले थाने में तोड़फोड़ की, इसके बाद आरोपियों को लॉकअप से बाहर निकाला और पीटते हुए चौराहे पर लाए और जिंदा जला डाला। मुख्यमंत्री पेमा खांडु ने इस घटना को "दुर्भाग्यपूर्ण" बताया है, उन्होंने कहा कि, "बच्ची से बलात्कार और हत्या की घटना "बर्बर और अमानवीय" है। मैंने इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं।"

 

बता दें कि इसी तरह की घटना 5 मार्च 2015 को नागालैंड के दीमापुर में हुई थी, यहां भी उग्र भीड़ ने रेप के आरोपी को जेल से बाहर निकालकर मार डाला और उसका शव बीच चौराहे पर टांग दिया था। एक बार फिर से इस तरह की वारदात ने साबित कर दिया है कि कोई भी कानून को हाथ में ले लेता है, और जिले में प्रशासन व्यवस्था का बुरा हाल है। 

Similar News